UPSC Prelims 2026: डीएमआरसी की विशेष सुविधा, पिंक-मैजेंटा-ग्रे लाइन सुबह 6 बजे से शुरू, हर 15 मिनट पर ‌मिलेगी मेट्रो

UPSC प्रारंभिक परीक्षा 2026 को देखते हुए DMRC ने 24 मई को पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन पर मेट्रो सेवाएं सुबह 6 बजे से शुरू करने का फैसला किया है. परीक्षार्थियों को हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी.

Pinterest
Dhiraj Kumar Dhillon

दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (DMRC) ने इस रविवार सिविल सेवा परीक्षा (UPSC) होने के चलते मेट्रो सेवाओं में बदलाव किया है. परीक्षार्थियों की सहुलियत के लिए 24 मई को मेट्रो सेवाएं सुबह जल्दी शुरू होंगी. परीक्षा के चलते पिंक लाइन, मैजेंटा लाइन और ग्रे लाइन पर मेट्रो सेवाएं सुबह छह बजे शुरू होंगी. बता दें कि इन लाइनों पर रविवार के दिन मेट्रो सेवाएं सामान्यतः सुबह 7 बजे शुरू होती हैं. डीएमआरसी की इस पहल से परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में दिक्कत नहीं होगी.

पहले घंटे हर 15 मिनट में मिलेगी मेट्रो

डीएमआरसी के मुताबिक रविवार की सुबह 6 से 7 बजे के बीच मेट्रो सेवा हर 15 मिनट पर उपलब्ध रहेगी. उसके बाद रविवार वाली रूटीन समय सारिणी लागू होगी. पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन के अलावा डीएमआरसी की सभी लाइनों पर हर रविवार की तरह ही सुबह 6 बजे से मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी. डीएमआरसी ने कहा है कि रविवार को विशेष मेट्रो सेवाएं सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा के मद्देनजर उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. 

परीक्षा के बारे में जरूरी बातें भी जानें

बता दें सिविल सेवा (प्रारं‌भिक) परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होते हैं, ये दोनों प्रश्नपत्र रविवार को एक ही दिन दो पारियों में होंगे. 15 मई को संघ लोकसेवा आयोग की ओर से परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं. परीक्षार्थी यूपीएससी के अधिकारिक पोर्टल से अपना ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. टाइम मैनेजमेंट के लिए परीक्षार्थी अपने साथ केवल एनालॉग (सुई वाली) घड़ी ले जा सकते हैं.