नई दिल्ली: दिल्ली के ITO इलाके में रविवार रात हुए सडक हादसे में दो विधायकों समेत छह लोग घायल हो गए. घायलों में किराडी से मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पटेल भी शामिल हैं. हादसे में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है.
पुलिस के मुताबिक हादसा रविवार रात करीब 9:30 बजे सेंट्रल दिल्ली में PWD कार्यालय के पास हुआ. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक स्विफ्ट कार लक्ष्मी नगर से ITO की तरफ जा रही थी. इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर के बाद कार रेलिंग पार कर दूसरी दिशा से आ रही इनोवा कार से जा भिडी.
#WATCH | Delhi: A road accident took place at the ITO traffic signal in Delhi, in front of the old Police Headquarters, after an out-of-control car crashed through the divider. The vehicle also rammed into another SUV (in the visuals), causing extensive damage to its front… https://t.co/07cTjp1BKA pic.twitter.com/wZWSz28Lb9
— ANI (@ANI) August 23, 2026
स्विफ्ट कार को 32 वर्षीय आशुतोष पांडे चला रहे थे. कार में उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे भी मौजूद थे. हादसे के बाद कार में सवार सभी लोगों को मामूली चोटें आईं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी.
पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल की स्थिति और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है. हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ.
इससे पहले जुलाई में पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में एक तेज रफ्तार SUV की चपेट में आने से 35 वर्षीय उदय महतो की मौत हो गई थी. बताया गया था कि हादसे के समय वह अपने दोस्त के साथ सडक किनारे खडे थे. दुर्घटना के बाद SUV चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन और चालक की पहचान के लिए CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान की जांच की थी.
8 अगस्त को हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में तिस्सा-बैरागढ मार्ग पर चलुज मोड के पास एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. हादसे में सात लोगों की मौत और 11 लोग घायल हुए थे. घायलों को इलाज के लिए तिस्सा के सिविल अस्पताल ले जाया गया था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस बैरागढ से चंबा की ओर जा रही थी और उसमें करीब 15 से 20 लोग सवार थे.
ITO हादसे में फिलहाल सभी घायलों की हालत सामान्य बताई गई है. पुलिस दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है.