Budget 2026

Delhi Student Attack: दिल्ली के पहाड़गंज में स्कूल के बाहर 15 वर्षीय छात्र पर चाकू से हमला, तीन नाबालिग गिरफ्तार

दिल्ली के पहाड़गंज में 15 वर्षीय छात्र पर तीन नाबालिगों ने स्कूल गेट के बाहर चाकू से हमला किया. यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया. घायल छात्र सीने में चाकू धंसा हुआ थाने पहुंचा, जहां से उसे अस्पताल ले जाया गया और उसकी जान बचा ली गई. पुलिस ने तीनों आरोपियों को तीन घंटे में गिरफ्तार कर लिया है.

Social Media
Km Jaya

Delhi Student Attack: दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां 15 वर्षीय छात्र पर तीन नाबालिगों ने स्कूल के बाहर चाकू से हमला कर दिया. पुलिस ने इस हमले को पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया है. वारदात सर्वोदय बाल विद्यालय के गेट के पास हुई.

पुलिस ने बताया कि घायल छात्र खुद चाकू सीने में धंसा हुआ लेकर पहाड़गंज थाने पहुंचा. वहां से उसे तुरंत कलावती सरन अस्पताल और फिर आरएमएल अस्पताल रेफर किया गया. डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक उसके सीने से चाकू निकाला और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

छात्र ने बताई पूरी घटना

पीड़ित छात्र ने अपने बयान में बताया कि मुख्य आरोपी ने उसे स्कूल गेट के पास बुलाया, जहां वह अपने दो दोस्तों के साथ मौजूद था. तीनों ने मिलकर उसे घेर लिया और झगड़ा शुरू कर दिया. इस दौरान एक आरोपी ने छात्र को चाकू मार दिया, जबकि अन्य दो ने उसे पकड़े रखा. पुलिस ने मौके से टूटी हुई बीयर की बोतल भी बरामद की है, जिसे धमकाने के लिए इस्तेमाल किया गया था.

मामले की गहनता से जांच 

जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी को शक था कि पीड़ित ने कुछ दिन पहले उसके खिलाफ दूसरे लड़कों को उकसाया था. इसी वजह से उसने बदला लेने की योजना बनाई और अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में डर का माहौल फैल गया. हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की मांग

यह गिरफ्तारी स्थानीय खुफिया जानकारी और लक्षित छापेमारी की मदद से हुई. पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा. अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने पुलिस से स्कूलों के बाहर सुरक्षा कड़ी करने की मांग की है ताकि इस तरह की वारदात दोबारा न हो.