menu-icon
India Daily

दिल्ली में उद्योग भवन के पास मजदूर कैंप में भीषण आग, 25 दमकल गाड़ियां पहुंची

मंगलवार की सुबह-सुबह दिल्ली के उद्योग भवन के पास एक मजदूर कैंप में भीषण आग लग गई. यह कैंप सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट में काम करने वाले मजदूरों के लिए बनाया गया था.

Shilpa Shrivastava
दिल्ली में उद्योग भवन के पास मजदूर कैंप में भीषण आग, 25 दमकल गाड़ियां पहुंची
Courtesy: ANI X

नई दिल्ली: मंगलवार की सुबह-सुबह दिल्ली के उद्योग भवन के पास एक मजदूर कैंप में भीषण आग लग गई. यह कैंप सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट में काम करने वाले मजदूरों के लिए बनाया गया था. आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे कैंप में आग की लपटें दिखने लगीं. दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 3:02 बजे सूचना मिली. 

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. आग की तीव्रता को देखते हुए इसे Make-4 श्रेणी में अपग्रेड कर दिया गया. इस श्रेणी में बड़ी संख्या में दमकल गाड़ियां भेजी जाती हैं. इस घटना में कुल 25 फायर टेंडर्स और कई विशेष यूनिट्स को लगाया गया.

आग लगने की वजह:

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है. कैंप में छोटे-छोटे LPG सिलेंडर भी इस्तेमाल हो रहे थे. आग लगने के बाद इन सिलेंडरों में धमाके हुए, जिससे आग और तेजी से फैल गई. कैंप में बिजली की तारें भी चारों तरफ बिछी हुई थीं, जिससे आग पर काबू पाने में दिक्कत हुई.

दमकल अधिकारी संदीप दुग्गल ने बताया कि यह अस्थायी बस्ती सेना भवन और उद्योग भवन के पास बनी थी. मजदूर यहां रहकर सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का काम कर रहे थे. आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे लग गए. बार-बार सिलेंडर फटने और अस्थायी झोपड़ियों की वजह से बचाव कार्य मुश्किल हो गया.

फायर ब्रिगेड ने चलाया कूलिंग ऑपरेशन:

फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग को फैलने से रोकने के लिए पूरी मेहनत की. आसपास के इलाकों में आग न फैले, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती गई. आग पर काबू पाने के बाद कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. आग लगने की असली वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी.