'अगर दीदी ने पैसे दे दिए होते...', IRS अधिकारी की बेटी के हत्यारे को नहीं कोई पछतावा
दिल्ली में हुई IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या करने वाला आरोपी राहुल मीणा ने पुलिस की पूछताछ में कहा कि अगर दीदी ने पैसे दे दिए होते, तो ऐसा नहीं होता...
दिल्ली में हुई IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या ने पूरे शहर को दहला कर रख दिया. एक अधिकारी के घर में उनकी ही बेटी का कत्ल सबके लिए चौंकाने वाली बात थी. इस मामले में लगातार कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. बताया जा रहा है कि घटना के समय युवती घर में अकेले थी. वहीं उसके माता-पिता जिम गए हुए थे. जिम से लौटने के बाद माता-पिता ने अपनी बेटी का खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को इकतालाह किया.
इस मामले में पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी. जांच में पाया गया कि घर के नौकर 23 वर्षीय राहुल मीणा ने ही इस घिनौनी और क्रुर वारदात को अंजाम दिया था. हाल ही में हुई पुलिस की पूछताछ में राहुल के अंदर इसको लेकर कोई पछतावा नहीं दिखा. उसने कहा कि 'अगर दीदी ने पैसे दे दिए होते, तो यह सब नहीं होता'.
20,000 रुपये का मासिक वेतन भी पड़ गया कम
पूछताछ के दौरान 23 वर्षीय राहुल मीणा शांत और संयमित बना रहा. उसने जोर देकर कहा कि वह IRS अधिकारी के पॉश इलाके कैलाश हिल्स स्थित घर पर केवल पैसे लेने गया था. उसने साफ कहा कि अगर पीड़ित ने उसे पैसे दे दिए होते, तो वह यह सब नहीं करता. आरोपी ने जांचकर्ताओं को बताया कि IRS अधिकारी का परिवार उसके साथ बहुत अच्छा व्यवहार करता था और उसे बोनस के अलावा 20,000 रुपये का मासिक वेतन देता था.
'आंटी ने पैसे के लिए बुलाया था': आरोपी
आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि वह घर में झूठा दावा करके घुसा था. उसने कहा कि पीड़ित की मां ने उसे पैसे देने के लिए घर पर बुलाया है. जांचकर्ताओं से उसने यही शब्द कहे थे.
चार दिनों की पुलिस हिरासत में आरोपी
मीणा को साकेत कोर्ट में पेश किए जाने के बाद चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटनाक्रम को फिर से समझने, फोरेंसिक और डिजिटल सबूतों की पुष्टि करने, घटनाओं का क्रम निर्धारित करने और अपराध के पीछे के पूरे मकसद का पता लगाने के लिए हिरासत बहुत जरूरी है.