बारिश के बाद वायु गुणवत्ता में हुए सुधार के चलते दिल्ली-एनसीआर से ग्रैप-2 की पाबंदियां हटा ली गई हैं. बुधवार को हल्की बूंदाबांदी के बाद दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता में सुधार देखा गया. सीएक्यूएम के एक अधिकारी ने बताया कि मौसम अनुकूल होने के कारण दिल्ली के एक्यूआई में सुधार हुआ है और शाम 4 बजे यह 214 दर्ज किया गया. आने वाले दिनों में एक्यूआई के खराब या मध्यम श्रेणी में रहने की संभावना है.
बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-1 और ग्रैप-2 की पाबंदियां पिछले साल अक्तूबर से लागू हैं. बुधवार को दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश हुई जिससे न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस समय में औसत से 4.8 डिग्री अधिक है.
हवा की गुणवत्ता में सुधार के कारण दिल्ली-NCR में GRAP 2 प्रतिबंध हटा दिए गए। pic.twitter.com/tIIqMKo4PY
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 18, 2026Also Read
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह दिल्ली का एक्यूआई 227 दर्ज किया गया था जिससे वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रही. दिल्ली-एनसीआर से भले ही ग्रैप-2 की पाबंदियां हटा ली गई हों लेकिन ग्रैप-1 की पाबंदियां लागू रहेंगीं.
बता दें कि 0-50 के बीच के एक्यूाई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 300 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है.