दिल्ली में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, 'रियल फील' तापमान 50 डिग्री के पार, दो साल की सबसे गर्म सुबह और रात दर्ज
दिल्ली में रविवार को 'रियल फील' तापमान 50.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और न्यूनतम 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चलिए जानते हैं मौसम विभाग ने क्या दी चेतावनी.
नई दिल्ली: दिल्ली में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. रविवार को राजधानी में वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई और 'रियल फील' तापमान 50.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अधिक तापमान और नमी के कारण बाहर का मौसम बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच गया. राजधानी में जून महीने की पिछले दो वर्षों की सबसे गर्म सुबह और रात भी दर्ज की गई.
आईएमडी के अनुसार सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था. वहीं न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा रहा. जून महीने में इससे अधिक न्यूनतम तापमान आखिरी बार 14 जून 2024 को 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
मौसम विभाग ने क्या बताया?
मौसम विभाग ने बताया कि रविवार शाम 5:30 बजे 'रियल फील' तापमान 50.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. दिनभर हवा में नमी 37 से 70 प्रतिशत के बीच रही, जिससे उमस काफी बढ़ गई और लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई. मौसम विभाग ने इसे हीटवेव की स्थिति बताया है.
Also Read
दिल्ली के अन्य मौसम केंद्रों पर भी तापमान काफी ऊंचा दर्ज किया गया. लोधी रोड में 42.1 डिग्री, रिज क्षेत्र में 42.6 डिग्री, पालम में 42 डिग्री और आयानगर में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. सभी प्रमुख मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहा.
क्या है गर्मी और उमस बढ़ने की वजह?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून के दिल्ली पहुंचने में देरी के कारण गर्मी और उमस दोनों बढ़ गई हैं. सामान्य तौर पर मानसून 27 से 28 जून के बीच दिल्ली पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसके लगभग 4 जुलाई तक पहुंचने की संभावना है. पाकिस्तान की ओर से आने वाली शुष्क पश्चिमी हवाएं तापमान बढ़ा रही हैं, जबकि अरब सागर से आने वाली नम हवाएं नमी बढ़ा रही हैं. इन दोनों के कारण बादल तो बन रहे हैं, लेकिन व्यापक बारिश नहीं हो पा रही है.
आईएमडी ने क्या दी है चेतावनी?
आईएमडी ने अगले दो दिनों के लिए बारिश, गरज चमक और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है. सोमवार को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इसके बाद मंगलवार से तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है. यदि बारिश की गतिविधियां बढ़ती हैं तो 1 जुलाई तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे और 3 जुलाई तक करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
इस बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी मध्यम श्रेणी में बनी हुई है. एयर क्वालिटी इंडेक्स 152 से 162 के बीच दर्ज किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत के अन्य हिस्सों के साथ दिल्ली में भी मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.