दिल्ली-एनसीआर में 2 बजे के बाद मौसम लेगा करवट, होगी झमाझम बारिश; IMD ने जारी किया अलर्ट
दिल्ली एनसीआर में रहने वालों को गर्मी से राहत मिलने वाली है. जी हां राजधानी में दोपहर दो बजे के बाद मौसम करवट लेने वाला है. जिसके चलते दिल्ली में आंधी के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. IMD ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है.
नई दिल्ली: मार्च का महीना खत्म होने को है, लेकिन उत्तर भारत में मौसम अभी भी ठंडा और बदलता हुआ बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार 30 मार्च 2026 को दिल्ली-एनसीआर में दोपहर 2 बजे के बाद मौसम अचानक बदल सकता है. तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर में 2 बजे के बाद मौसम लेगा करवट
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. दोपहर या शाम के समय 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. कुछ इलाकों में हवाओं की गति 50 किलोमीटर तक पहुंच सकती है. आंधी के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है.
IMD ने जारी किया अलर्ट
बवाना, मुंडका, नजफगढ़, द्वारका, बहादुरगढ़, गुरुग्राम और मानेसर जैसे इलाकों में बारिश की गतिविधियां ज्यादा देखने को मिल सकती हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई अन्य हिस्सों में भी तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट है. कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं. इस समय पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसकी वजह से उत्तर भारत के मौसम में लगातार बदलाव आ रहा है.
तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान
मार्च में आमतौर पर गर्मी बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान सामान्य से कम बना हुआ है. दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 21 डिग्री के बीच रह सकता है.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे विक्षोभ की वजह से ठंडी हवाएं और नमी आ रही है, जिससे मौसम खुशनुमा बना हुआ है. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी जारी है, जिसका असर मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है. लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. तेज हवाओं से उड़ने वाली धूल, पेड़ की टहनियां या हल्की वस्तुएं नुकसान पहुंचा सकती हैं. बाहर निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखें. अगले एक-दो दिन तक उत्तर भारत में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है. उसके बाद धीरे-धीरे तापमान बढ़ सकता है.