'मायके से बात करने पर लगा रखी थी पाबंदी...', दिल्ली दहेज हत्याकांड में भाई ने जीजा पर लगाए ये गंभीर आरोप

दिल्ली में 28 वर्षीय आकृति सुतार की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पति अरस्तु सिक्का को गिरफ्तार किया है. पुलिस दहेज हत्या के मामले में सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

नई दिल्ली: दिल्ली में 28 वर्षीय आकृति सुतार की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. इस मामले में पुलिस ने आकृति के पति अरस्तु सिक्का को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में मामला दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या से जुड़ा माना जा रहा है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है.

आकृति के भाई अमय सुतार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उनकी बहन को लगातार दहेज को लेकर ताने दिए जाते थे. परिवार की ओर से बेड, सोफा, अलमारी, फ्रिज और एसी जैसी घरेलू वस्तुएं नहीं लाने पर उसे अपमानित किया जाता था. उन्होंने यह भी दावा किया कि 10 से 20 लाख रुपये की अप्रत्यक्ष मांग की जा रही थी.

कब हुई थी शादी?

आकृति की शादी 24 अप्रैल को अरस्तु सिक्का से हुई थी. शादी के बाद उसने कुछ समय तक नौकरी छोड़ दी थी, लेकिन 1 जुलाई को वह चतरपुर स्थित एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के रूप में फिर से काम पर लौट गई. परिवार का कहना है कि वह नौकरी करके आर्थिक स्थिति सुधारना चाहती थी और ससुराल में चल रहे विवाद को खुद ही सुलझाने का प्रयास कर रही थी.


भाई अमय ने क्या बताया?

भाई अमय के अनुसार, शादी से पहले ससुराल पक्ष ने नौकरी जारी रखने की अनुमति दी थी, लेकिन शादी के बाद अपना फैसला बदल लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि आकृति के मोबाइल फोन पर पति की लगातार नजर रहती थी. उसे मायके वालों से खुलकर बात करने की भी अनुमति नहीं थी और छोटी छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट की जाती थी.

परिजनों ने क्या बताया?

परिवार ने बताया कि उनके पिता का वर्ष 2019 में कैंसर से निधन हो गया था, जिसके बाद आर्थिक जिम्मेदारियां बढ़ गई थीं. इसी कारण आकृति अपने परिवार पर अतिरिक्त बोझ नहीं डालना चाहती थी और लंबे समय तक अपनी परेशानी छिपाती रही.

अमय के अनुसार 3 जुलाई को आकृति ने पहली बार परिवार को अपनी पूरी आपबीती बताई थी. अगले ही दिन वह लापता हो गई. बाद में परिवार को अस्पताल से सूचना मिली, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, वह लोधी कॉलोनी स्थित एक इमारत की तीसरी मंजिल से गिरी हुई मिली थी.

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल फोन डेटा और सर्च हिस्ट्री की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.