मकान तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा, देखते ही देखते ढह गई दो मंजिला इमारत; एक की मौत
दिल्ली के स्वरूप नगर में पुराने मकान को गिराने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. मलबे की चपेट में आने से टेंपो चालक की मौत हो गई, जबकि दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
नई दिल्ली: दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में शनिवार दोपहर एक पुराने दो मंजिला मकान को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जर्जर इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां मौजूद तीन लोग मलबे के नीचे दब गए. स्थानीय लोगों, पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत अभियान चलाकर सभी को बाहर निकाला. हादसे में एक टेंपो चालक की जान चली गई, जबकि दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए. मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार स्वरूप नगर के ए-ब्लॉक स्थित गली नंबर चार में करीब 50 गज के पुराने मकान को तोड़ने का काम चल रहा था. मकान मालिक नए निर्माण की तैयारी में पुराने ढांचे को हटवा रहा था. शुक्रवार को ऊपरी मंजिल मशीन से गिराई गई थी, जबकि शनिवार को निचले हिस्से को तोड़ा जा रहा था. इसी दौरान अचानक पूरी इमारत ढह गई.
मलबे में दबे तीन लोग, एक की मौत
हादसे के समय दो श्रमिक रोहित और महेंद्र मकान के भीतर काम कर रहे थे. वहीं टेंपो चालक संजय कुमार मलबा लोड करने के लिए मौके पर मौजूद था. इमारत गिरते ही तीनों मलबे में दब गए. पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान चलाकर उन्हें बाहर निकाला. अस्पताल में डॉक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों श्रमिकों का इलाज जारी है.
Also Read
प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाया हादसे का मंजर
घटना के चश्मदीदों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. मकान गिरते ही पूरे इलाके में धूल का घना गुबार फैल गया और अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद कुछ अन्य श्रमिक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी.
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
प्रारंभिक जांच में पुलिस को निर्माण और तोड़फोड़ के दौरान सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका मिली है. जांच अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि जर्जर मकान को गिराने के लिए संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं. साथ ही हाल की बारिश के कारण इमारत की कमजोर स्थिति भी जांच का हिस्सा बनाई गई है.
ठेकेदार और निर्माण प्रक्रिया की होगी जांच
पुलिस ने मकान मालिक से ठेकेदार और निर्माण कार्य से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी. यदि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.