IPL 2026 US Israel Iran War

आसान हुआ गैस लेना! दिल्ली में अब सिर्फ ID प्रूफ से मिलेगा 5kg वाला LPG सिलेंडर, जानें किसको मिलेगा फायदा

दिल्ली सरकार ने प्रवासी मजदूरों को बिना एलपीजी कनेक्शन के केवल पहचान पत्र दिखाकर 5 किलो गैस सिलेंडर लेने की सुविधा दी है और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई शुरू की है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: LPG सप्लाई में आ रही दिक्कतों के बीच दिल्ली सरकार के खाद्य, आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग ने घोषणा की है कि राहत के तौर पर प्रवासी मजदूर बिना किसी रेगुलर LPG कनेक्शन की जरूरत के सिर्फ एक वैध पहचान पत्र दिखाकर 5 किलोग्राम का LPG सिलेंडर ले सकते हैं.

शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विभाग ने बताया कि प्रवासी मजदूर अपना आधार कार्ड या कोई अन्य वैध पहचान पत्र दिखाकर 5 किलोग्राम का सिलेंडर ले सकते हैं. इसके अलावा विभाग ने जोर देकर कहा कि दिल्ली में किसी भी तरह का कोई ऊर्जा संकट नहीं है. LPG, PNG, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. LPG सप्लाई की स्थिति पर नजर रखने और शिकायतें या पूछताछ लेने के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया गया है.

विभाग के अतिरिक्त आयुक्त ने क्या बताया?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त अरुण कुमार झा ने मीडिया को बताया कि दिल्ली में लगभग 56 लाख घरेलू LPG कनेक्शन हैं. इसलिए जनता से आग्रह किया गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके कनेक्शन सही श्रेणी के तहत रजिस्टर्ड हों, ताकि किसी भी संभावित दुरुपयोग को रोका जा सके.

PNG कनेक्शन क्यों है अनिवार्य?

विभाग ने बताया कि सरकार PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है. जिन इलाकों में PNG कनेक्शन उपलब्ध हैं, वहां के निवासियों को सलाह दी जाती है कि वे LPG से PNG पर स्विच कर लें. ऐसा न करने पर उनके LPG कनेक्शन पर असर पड़ सकता है. इस बीच PNG के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लक्ष्य बढ़ा दिए गए हैं. पहले लगभग 1,000 नए कनेक्शन जोड़े जा रहे थे, जबकि अब मौजूदा लक्ष्य बढ़ाकर 3,000 कर दिया गया है.

जमाखोरी के अब तक कितने मामले हुए दर्ज?

गुरुवार को अलीपुर और बवाना इलाकों से लगभग 100 LPG सिलेंडर ज़ब्त किए गए. अधिकारियों ने जनता को बताया कि अवैध गतिविधियों के बारे में जानकारी सीधे दिल्ली पुलिस के साथ भी शेयर की जा सकती है. खुफिया विभाग भी इस मामले पर सक्रिय रूप से काम कर रहा है. अब तक जमाखोरी के संबंध में 27 मामले दर्ज किए जा चुके हैं. 

कितनी हो रही औसत बुकिंग?

विभाग ने बताया कि गैस की मांग में भारी उछाल आया है और LPG बुकिंग बढ़कर 2,00,000 प्रतिदिन तक पहुंच गई है. 1 अप्रैल को बुकिंग की संख्या 1,11,000 थी जो कि सामान्य दैनिक औसत 1,60,000 से कम थी. अधिकारियों ने बताया कि बुकिंग में हुई देरी के कारण कुछ इलाकों में गैस के लिए लंबी कतारें लगने की खबरें मिली हैं.

कहां कर सकते हैं कालाबाजारियों की शिकायत?

विभाग ने जनता से आग्रह किया है कि वे जमाखोरों और कालाबाजारियों के खिलाफ 011-23379836 या 8383824659 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं. ये हेल्पलाइन सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक चालू रहेंगी. शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी. जानकारी देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.