दिल्ली में दिल दहला देने वाली वारदात, शादी के दो साल बाद पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट; 4 गोली मार हुआ फरार
दिल्ली के संगम विहार में पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया. परिवार ने दूसरी महिला से संबंध और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिणी इलाके संगम विहार से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां तिगड़ी इलाके में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है. घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है, जबकि मृतका के परिवार ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष थी और उसकी शादी करीब दो साल पहले शुभम राजपूत से हुई थी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. परिवार का कहना है कि पति पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होते थे और कई बार मामला गंभीर रूप ले लेता था.
आपसी विवाद के दौरान पत्नी को मारी चार गोलियां
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी शुभम राजपूत ने आपसी विवाद के दौरान अपनी पत्नी पर चार गोलियां चला दीं. गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया. मृतका के परिजनों का आरोप है कि शुभम का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध था. इसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. परिवार का यह भी दावा है कि आरोपी कई बार महिला को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी देता था. पुलिस इन सभी आरोपों की जांच कर रही है.
Also Read
- आधी रात बरपा आसमान का कहर, चमोली में उफनते नाले ने मचाई तबाही; मलबे में दबे घर और वाहन
- फ्लॉप फिल्मों के बाद भी करोड़ों में खेल रहे हैं अर्जुन कपूर, जानिए कहां से आती है इतनी कमाई
- होर्मुज स्ट्रेट में ड्रोन हमले के बाद बढ़ा तनाव, संयुक्त राष्ट्र ने रोका रेस्क्यू अभियान; 11 हजार नाविकों की सुरक्षा पर संकट
सट्टेबाजी में शामिल होने का भी आरोप
परिवार ने आरोपी पर सट्टेबाजी में शामिल होने का भी आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी के बैकग्राउंड की भी पड़ताल की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही इन आरोपों की पुष्टि की जा सकेगी.
मौके से जुटाए गए अहम सबूत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ क्राइम और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची. महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. जांच टीम ने घटनास्थल से खाली कारतूस सहित कई अहम सबूत जुटाए हैं. इन सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है. दिल्ली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.