मालवीय नगर अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने अस्पताल पहुंचीं CM रेखा गुप्ता, मुआवजे का किया ऐलान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर अग्निकांड के पीड़ितों के परिवार वालों से मुलाकात की और सहायता राशि देने का ऐलान किया.

ANI
Shanu Sharma

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया है. इस घटना में 21 लोगों की मौत हो गई. जिसके बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज अस्पताल में घायल लोगों से मिलने पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने पीड़ितों के परिवार वालों से मुलाकात की और डॉक्टरों से बातचीत करके पीड़ितों के उपचार की समीक्षा की.

सीएम गुप्ता ने अधिकारियों को सहायता प्रदान करने के निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज के खर्च की व्यवस्था अस्पताल प्रशासन के समन्वय से की जाएगी. जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी पीड़ितों का इलाज सबसे अच्छा हो सके.

सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने का ऐलान किया है. साथ ही इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की बात कही है. सीएम गुप्ता ने मृतकों के कुछ परिवार वालों से भी मुलाकात की और कहा कि मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने कहा कि हम परिवार वालों को हर संभव मदद करने की कोशिश कर रहे हैं.

पीएम मोदी ने भी राहत राशि का किया ऐलान

दिल्ली में घटी इस घटना के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए मृतकों के परिवार को 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की थी. इसके अलावा पीएम मोदी की ओर से सभी घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान भी किया गया था. पीएम मोदी के अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम बड़े नेताओं ने घटना पर दुख जताया था.

बता दें कि पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए होटल मालिक को कल ही गिरफ्तार कर लिया. होटल मालिक लवकेश बजाज ने पूछताछ के दौरान कई बातें कबूल की हैं. उसने इस बात को स्वीकार किया है कि होटल में कम कमरे चलाने की अनुमति थी. इसके अलावा कई अन्य जानकारियां भी दी हैं. इस घटना ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया है.