दिल्ली में जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू, आपके घर आने वाला है इन सवालों का तूफान

दिल्ली में 16 अप्रैल से जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू हो गया है. इस दौरान घर घर जाकर जानकारी जुटाई जाएगी. जानिए आपको क्या करना है और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.

ANI
Babli Rautela

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में जनगणना 2027 का पहला चरण 16 अप्रैल से शुरू हो गया है. इसे हाउस लिस्टिंग ऑपरेशंस कहा जाता है, जिसमें घरों और परिवारों से जुड़ी जानकारी इकट्ठा की जाती है. यह प्रक्रिया दो हिस्सों में पूरी होगी. पहला चरण 16 अप्रैल से 15 मई तक दिल्ली छावनी और नई दिल्ली नगर परिषद के क्षेत्रों में चलेगा. दूसरा चरण 16 मई से 15 जून तक दिल्ली नगर निगम के इलाकों में होगा.

इस प्रक्रिया के तहत प्रशिक्षित जनगणना कर्मचारी यानी एन्यूमरेटर घर घर जाकर जानकारी इकट्ठा करेंगे. वे एक प्रश्नावली के जरिए सवाल पूछेंगे और आपके जवाब दर्ज करेंगे. अब यह प्रक्रिया डिजिटल भी हो चुकी है. कर्मचारी मोबाइल या टैबलेट जैसे उपकरणों का उपयोग करके डेटा रिकॉर्ड करेंगे, जिससे गलतियों की संभावना कम होगी और काम तेजी से पूरा होगा.

खुद भी दे सकते हैं अपनी जानकारी

सरकार ने लोगों को सुविधा देने के लिए सेल्फ एन्यूमरेशन का विकल्प भी दिया है. इसमें आप खुद ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकते हैं. इसके लिए आपको भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त का कार्यालय द्वारा जारी पोर्टल पर जाना होगा और अपने मोबाइल नंबर से लॉग इन करना होगा.

जानकारी भरने के बाद आपको 16 अंकों की एक यूनिक आईडी मिलेगी. जब एन्यूमरेटर आपके घर आएगा, तो आपको उसे यह आईडी दिखानी होगी. इससे आपकी जानकारी की पुष्टि की जाएगी.

सेल्फ एन्यूमरेशन का आसान तरीका

सबसे पहले पोर्टल पर जाएं और मोबाइल नंबर से लॉग इन करें. इसके बाद नक्शे पर अपनी लोकेशन चुनें. फिर अपने परिवार से जुड़ी पूरी जानकारी भरें. अंत में फॉर्म सबमिट करें और अपनी 16 अंकों की आईडी सुरक्षित रखें. जब एन्यूमरेटर आपके घर आए तो सबसे पहले उसकी पहचान जरूर जांच लें. इसके बाद ही जानकारी साझा करें. आपको अपने परिवार से जुड़ी बुनियादी जानकारी जैसे नाम, लिंग और अन्य जरूरी विवरण देने होंगे. यह भी जरूरी है कि आप सही जानकारी दें, क्योंकि गलत जानकारी से भविष्य में परेशानी हो सकती है.

इस प्रक्रिया के दौरान लगभग 33 सवाल पूछे जाएंगे. इनमें घर की सुविधाओं और परिवार की स्थिति से जुड़ी जानकारी शामिल होगी. आपसे पूछा जा सकता है कि घर में कितने कमरे हैं, कितने लोग रहते हैं, पानी का स्रोत क्या है, बिजली का साधन क्या है, शौचालय और रसोई की सुविधा है या नहीं. इसके अलावा यह भी पूछा जाएगा कि आपके घर में टीवी, मोबाइल, इंटरनेट, कंप्यूटर जैसे उपकरण हैं या नहीं. साथ ही वाहन, खाना पकाने के ईंधन और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी जानकारी भी ली जाएगी.