दिल्ली में बाइक को टक्कर मारकर नहीं रुकी कार, दूर तक घसीटती रही; VIDEO वायरल

साउथ दिल्ली के आरके पुरम में एक कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे के बाद बाइक कुछ दूर तक कार के साथ घिसटती चली गई. जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.

X (@moronhumor)
Shanu Sharma

साउथ दिल्ली के आरके पुरम इलाके में गुरुवार रात सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को एक कार ने टक्कर मार दी. बाइक पर बैठे 21 वर्षीय युवक के गिरने के बाद कार मोटरसाइकिल को कुछ दूर तक घसीटती ले गई.

इस घटना में युवक को गंभीर चोट नहीं आई. वहीं पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. लेकिन सोशल मीडिया पर अब ये वीडियो वायरल हो रहा है. दिल्ली से आई इस वीडियो ने लोगों की चिंता को बढ़ा दी है. 

अफ्रीका एवेन्यू रोड पर हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे भीकाजी कामा प्लेस और आरके पुरम मेट्रो स्टेशन के बीच अफ्रीका एवेन्यू रोड पर हुआ. दुर्घटना की सूचना रात करीब 10:22 बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की. पुलिस ने बताया कि मुनिरका गांव निवासी 21 वर्षीय तनिष टोकस अपनी काली मोटरसाइकिल पर सड़क किनारे मौजूद थे. इसी दौरान वसंत कुंज निवासी 73 वर्षीय वेणु गोपाल की नीली होंडा अमेज कार वहां पहुंची और मोटरसाइकिल से टकरा गई.


टक्कर के बाद बाइक को घसीटती रही कार

मिली जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि तनिष मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए. इसके बाद कार बाइक को कुछ दूरी तक अपने साथ घसीटती चली गई. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवक खुद कार या मोटरसाइकिल के साथ घसीटे नहीं गए. हादसे के बाद तनिष की चिकित्सकीय जांच कराई गई. पुलिस के मुताबिक, उन्हें किसी तरह की गंभीर चोट नहीं लगी है. घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी नहीं है.

आरके पुरम पुलिस थाने में इस मामले को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(a) के तहत केस दर्ज किया गया है. धारा 281 सार्वजनिक रास्ते पर लापरवाही से वाहन चलाने या सवारी करने से जुड़ी है, जबकि धारा 125(a) किसी व्यक्ति की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य से संबंधित है. जांच के दौरान पुलिस ने हादसे में शामिल होंडा अमेज कार को जब्त कर लिया. वहीं, चालक वेणु गोपाल को हिरासत में लिया गया है.

चालक की मेडिकल जांच भी हुई

पुलिस ने बताया कि गोपाल की भी चिकित्सकीय जांच कराई गई थी. जांच में उनके शराब के सेवन का कोई प्रमाण नहीं मिला. पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों, वाहन की गति और टक्कर के कारणों समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.