IPL 2026

‘‘फ्यूल रेट बढ़ें, लेकिन किराया सालों पुराना…” आज से 3 दिन तक दिल्ली में ऑटो-कैब ड्राइवर्स करेंगे ‘चक्का जाम’

आज से दिल्ली-NCR में तीन दिन की कमर्शियल व्हीकल यूनियन ने हड़ताल का ऐलान किया है. इस कदम से किन-किन सर्विसेज पर असर होगा और ये हड़ताल क्यों की जा रही है, चलिए जानते हैं.

AI
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: आज से तीन दिनों तक दिल्ली और उसके आस-पास के शहरों में कमर्शियल व्हीकल यूनियन ने हड़ताल का ऐलान किया है. यह कदम एनसीआर में कैब, ऑटो-रिक्शा और कई ट्रांसपोर्ट सर्विसेज पर असर डालेगा. बता दें कि ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) और यूनाइटेड फ्रंट ऑफ ऑल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशंस (UFTA) के बैनर तले 68 से ज्यादा ट्रांसपोर्ट यूनियनों के इस प्रदर्शन में शामिल होने की उम्मीद है. 

दिल्ली में यूनियन द्वारा किया जा रहा यह चक्का जाम फ्यूल की बढ़ती कीमतों के चलते है. जहां एक तरफ फ्यूल की कीमत बढ़ गई है, वहीं किराया स्टेबल बना हुआ है. इसके अलावा ड्राइवरों के खर्च बढ़ गए हैं, जिससे वो गंभीर आर्थिक संकट में पड़ गए हैं. 

फ्यूल से अलग भी हैं परेशानियां:

बता दें कि फ्यूल का रेट बढ़ना तो एक बड़ी परेशानी है ही, इसके साथ ही गाड़ी का फिटनेस सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस और परमिट जैसे सालाना खर्चों में भी बढ़ोतरी हो गई है. इससे ड्राइवर काफी परेशान हैं और उनकी कमाई से उनके परिवार का गुजारा भी नहीं हो पा रहा है. हालांकि, यूनियनों ने साफ कर दिया है कि यह विरोध शांतिपूर्ण ढंग से होगा. 

4 लाख टैक्सी मालिकों के समर्थन की उम्मीद:

एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि करीब 4 लाख रजिस्टर्ड टैक्सी मालिक इस हड़ताल का समर्थन करेंगे. जब तक हड़ताल चलेगी, तब तक कोई भी सवारी नहीं लेगा. बता दें कि ड्राइवरों की मुख्य मांगों में टैक्सी किराए में बढ़ोतरी, बढ़े हुए कंजेशन चार्ज (ECC) को वापस लेना और कमर्शियल वाहनों पर लगी पाबंदियों पर फिर से विचार करना शामिल है. 

यूनियन का कहना है कि फ्यूल की कीमतों में कुछ वर्षों से काफी तेजी से बदलाव आया है, लेकिन दिल्ली-NCR में टैक्सी किराए में पिछले करीब 15 सालों से कोई बदलाव नहीं हुआ है. साथ ही एसोसिएशन ने यह भी कहा है कि अगर इस पर कोई फैसला न लिया गया तो आंदोलन तो तेज कर दिया जाएगा. 

दिल्ली-NCR में किन सर्विसेज पर पड़ सकता है असर?

  • Uber और Ola जैसी ऐप-बेस्ड कैब सर्विसेज

  • ऑटो-रिक्शा सेवाएं

  • कमर्शियल टैक्सी ऑपरेशन

  • पीक-ऑवर में लोकल ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी