दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में LPG सिलेंडर ब्लास्ट से इमारत ढही! 6 लोग घायल

दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट की खबर सामने आई है. इस घटना में 6 से ज्यादा लोगों के घायल होने की उम्मीद है.

X SG (@Sanjeev_aap)
Shanu Sharma

दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके से एलपीजी सिलेंडर विस्फोट की जानकारी सामने आई है. मिल रही जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह सिलेंडर के फटने की वजह से एक इमारत ढह गई, जिसमें 6 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. मामले की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग घटनास्थल पर पहुंच चुका है.  

रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली दमकल सेवा को सुबह करीब 9:30 बजे एक आपातकालीन कॉल आई, जिसमें बताया गया कि एक बिल्डिंग में धमाके के बाद पूरी इमारत ढह गई. जिसके बाद तुरंत आपातकालीन टीमों को घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया.

चलाया जा रहा बचाव अभियान

दमकल विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई. घटनास्थल पर पहुंचने के बाद बचाव कर्मियों और स्थानीय अधिकारियों ने मलबे के नीचे फंसे लोगों की तलाश शुरू कर दी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह घटना एक ऐसी इमारत में हुई, जिसका इस्तेमाल बर्तन चमकाने की जगह के तौर पर किया जा रहा था. धमाके का सही कारण अभी आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती जांच से यह पता चलता है कि यह विस्फोट एलपीजी सिलेंडर के ब्लास्ट होने की वजह से हुआ था. अधिकारियों ने बताया कि धमाका इतना ज़ोरदार था कि करीब 250 वर्ग गज इलाके में फैली एक मंज़िला इमारत ढह गई.

पुलिस ने दी घटना की जानकारी

पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में छह से ज्यादा लोगों के घायल होने की आशंका है. हालांकि, घायल लोगों को कितनी गंभीर चोट लगी है, इसके बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है. घटनास्थल पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

डॉक्टरों द्वारा विस्तृत मेडिकल जांच के बाद ही स्थिति के बारे में अधिक जानकारी सामने आएगी. आपातकालीन बचाव दल घटनास्थल पर तलाशी और बचाव कार्य कर रहे हैं, ताकि अगर कोई व्यक्ति मलबे के नीचे दबा हो तो उसे जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके. इसके लिए दमकल विभाग, पुलिस और अन्य नागरिक एजेंसियों की टीमें इलाके में तैनात है. इससे पहले गाजियाबाद में भी एक रिहायशी इमारत में आग लग गई थी, जिसमें तीन पालतू कुत्तों की जान चली गई. यह हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हो सकता है.