दिल्ली में दिनदहाड़े बीच सड़क ताबड़तोड़ फायरिंग, जिम ट्रेनर को बदमाशों ने मारी 12 गोलियां

दिल्ली के आया नगर इलाके में सोमवार सुबह दो आरोपियों ने एक जिम ट्रेनर पर करीब 10 से 12 राउंड फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी. घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई.

Pinterest
Km Jaya

दिल्ली के साउथ जिले के आया नगर इलाके में सोमवार सुबह जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि दो बदमाशों ने जिम ट्रेनर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. वारदात में करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है. गोली लगने से जिम ट्रेनर की मौके पर ही मौत हो गई.

जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है. आया नगर इलाके में अचानक गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो आरोपियों ने जिम ट्रेनर को निशाना बनाया और लगातार कई गोलियां चला दीं. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

आसपास लगे सीसीटीवी से तलाशी जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी और वहां से जरूरी सबूत जुटाए. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है.


आपसी रंजिश का शक

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि मृतक का किसी व्यक्ति के साथ विवाद चल रहा था या नहीं. इसके अलावा पुलिस जिम ट्रेनर के परिचितों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा सकती है.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

पुलिस दोनों आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फिलहाल हत्या की असली वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के बाद वारदात की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका साफ हो सकेगी.

पुलिस अधिकारी ने क्या बताया?

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है. अधिकारी के अनुसार, हत्याकांड को दो आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया है. सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द उनकी गिरफ्तारी की उम्मीद है. इस घटना के बाद आया नगर इलाके में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.