इमली का पेड़ बना काल... पेड़ के नीचे खड़े युवकों पर गिरी बिजली, एक की मौत; 4 अन्य घायल
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में तेज बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े पांच युवकों पर बिजली गिर गई. हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं. सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है.
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से मौसम की मार का एक दर्दनाक मामला सामने आया है. खेत में काम कर रहे कुछ युवकों ने बारिश से बचने के लिए पेड़ का सहारा लिया, लेकिन यही फैसला उनके लिए जानलेवा साबित हुआ.
अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने पर सतर्क रहने की अपील की है.
बारिश से बचने की कोशिश बनी हादसे की वजह
रविवार दोपहर कुकनार थाना क्षेत्र के धुर्रास गांव में पांच युवक खेत में खेती का काम कर रहे थे. अचानक तेज बारिश शुरू होने पर सभी पास के इमली के पेड़ के नीचे खड़े हो गए. कुछ ही देर बाद आकाशीय बिजली गिरने से सभी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई.
Also Read
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
दुर्घटना के बाद गांव वालों ने तुरंत ही सभी घायलों को निजी वाहनों से छिंदगढ़ अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद 18 वर्षीय अजय नाग की हालत गंभीर होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि रास्ते में ही युवक की मौत हो गई. डॉक्टरों के अनुसार बाकी चार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है.
गांव वालो ने सुनाई हादसे की कहानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम अचानक बदल गया था और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. तेज बारिश और गरज के बीच लोगों ने सुरक्षित समझकर पेड़ के नीचे शरण ली, लेकिन कुछ ही क्षणों में बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया.
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह भी दी गई है.
विशेषज्ञों का कहना है कि आकाशीय बिजली के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और खुले स्थान सबसे अधिक जोखिम वाले होते हैं. समय रहते सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय में पहुंचना ही ऐसी घटनाओं से बचने का सबसे प्रभावी तरीका माना जाता है.