ट्रेन में चोरी कर गेट पर लटके चोर को युवक ने मारी लात, पीड़ित पर केस दर्ज; देखें वीडियो
आजाद हिंद एक्सप्रेस में चोरी की कोशिश के बाद आरोपी चलती ट्रेन के पायदान से लटक गया. वायरल वीडियो में एक व्यक्ति उसे लात मारता दिखाई देता है.
रायपुर: रायपुर से चली आजाद हिंद एक्सप्रेस में चोरी की कोशिश के बाद एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने सभी को चौंका दिया. ट्रेन में एक यात्री का पर्स चोरी होने के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया, लेकिन वह किसी तरह भागने की कोशिश करते हुए चलती ट्रेन के पायदान से लटक गया. इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा उसे लात मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मामले में पुलिस ने चोरी की जांच के साथ-साथ कथित मारपीट को लेकर पीड़ित यात्री के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार यह घटना 14 जुलाई को दोपहर करीब 3:40 बजे रायपुर जिले के मंधार और उरकुरा रेलवे स्टेशनों के बीच हुई. सरकारी रेलवे पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता राउरकेला निवासी 54 वर्षीय के. आर. सुरेश कुमार आजाद हिंद एक्सप्रेस के बी-4 कोच में यात्रा कर रहे थे. यात्रा के दौरान उनका पर्स चोरी हो गया. एक सहयात्री ने उन्हें बताया कि एक युवक उनका पर्स लेकर भाग रहा है.
कैसे पकड़ा गया आरोपी?
सूचना मिलने के बाद सुरेश कुमार और अन्य लोगों ने संदिग्ध का पीछा किया. इसी दौरान कोच अटेंडेंट ने आरोपी को पकड़ लिया. पुलिस के अनुसार हंगामे के बीच आरोपी ने कथित तौर पर चोरी किया गया एक मोबाइल फोन ट्रेन के टॉयलेट में फेंक दिया और वहां से भागने की कोशिश की. बचने के प्रयास में वह चलती ट्रेन के पायदान से लटक गया.
Also Read
वीडियो में क्या दे रहा दिखाई?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक को ट्रेन के पायदान से लटका हुआ देखा जा सकता है. वीडियो में एक व्यक्ति उसे लात मारता हुआ दिखाई देता है, जिसके बाद युवक की पकड़ छूट जाती है और वह नीचे गिर जाता है. हालांकि पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता सुरेश कुमार ने आरोपी को लात मारने से इनकार किया है. वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
क्या-क्या हुआ बरामद?
सरकारी रेलवे पुलिस ने चोरी हुआ पर्स और टॉयलेट में फेंका गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. हालांकि पर्स में रखा एक अन्य मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद अभी तक नहीं मिले हैं. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए आसपास के अस्पतालों और अन्य स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन उसका अब तक पता नहीं चल सका है. कुछ स्थानीय लोगों ने युवक को घायल अवस्था में देखने का दावा किया है.
वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कथित मारपीट को लेकर पुलिस ने सुरेश कुमार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है. उन्हें बिलासपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.