FIFA World Cup 2026

'तंत्र-मंत्र से पैसा डबल कर दूंगा...', छत्तीसगढ़ की महिला से ठगे 85 लाख; आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक महिला से तंत्र-मंत्र और शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 85 लाख रुपये की ठगी की गई. पुलिस ने आरोपी पवन बधोरिया को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है.

Chatgpt
Km Jaya

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तंत्र-मंत्र, पूजा पाठ और शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 85 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश के इंदौर से आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर धोखाधड़ी और जबरन वसूली समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड और बैंक लेनदेन की भी जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला भिलाई नगर की रहने वाली है. उसकी मुलाकात कुछ समय पहले रायपुर में पवन बधोरिया से हुई थी. बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला को विश्वास दिलाया कि उसके परिवार पर संकट है और उसके पति तथा बेटी की समस्याएं सामान्य नहीं हैं. उसने दावा किया कि विशेष पूजा, तंत्र मंत्र और अनुष्ठान से सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी.

कैसे बनाया शिकार?

धीरे धीरे आरोपी ने महिला का भरोसा जीत लिया. इसके बाद उसने शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में कई गुना मुनाफा दिलाने का लालच दिया. परिवार की समस्याओं का समाधान और जल्दी धन कमाने के सपने में महिला उसकी बातों में आती चली गई.


जांच में क्या आया सामने?

जांच में सामने आया कि महिला ने आरोपी के बताए बैंक खातों में अलग अलग किश्तों में लाखों रुपये ट्रांसफर किए. इसके अलावा कुछ रकम नकद भी दी गई. इस तरह कुल रकम करीब 85 लाख रुपये तक पहुंच गई.

जब महिला ने अपने निवेश पर मुनाफा या मूल रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार बहाने बनाने लगा. काफी समय तक पैसा वापस नहीं मिलने पर महिला को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ. इसके बाद उसने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई.

कहां से आरोपी हुआ गिरफ्तार?

शिकायत मिलने के बाद दुर्ग पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त जांच शुरू की. तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के इंदौर में मिली. पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर पवन बधोरिया को गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाकर अदालत में पेश किया. अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने क्या बताया?

सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी बेरोजगार है और तंत्र मंत्र का काम करने का दावा करता था. उसने महिला को डर और अंधविश्वास का सहारा लेकर अपने जाल में फंसाया और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर भी पैसे ऐंठे. मामले में धोखाधड़ी और एक्सटॉर्शन की धाराएं जोड़ी गई हैं.