छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं के साथ बढ़ेगी उमस

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं. उम्मीद है कि 23 जून के आसपास मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है.

Pinterest
Meenu Singh

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. जहां एक ओर लोगों को मानसून की बारिश का इंतजार है, वहीं दूसरी ओर गर्मी और उमस अभी भी राहत देने के मूड में नहीं दिख रही. मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रहेगा. गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं. उम्मीद है कि 23 जून के आसपास मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है. हालांकि, मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर बरकरार रह सकता है.

अगले पांच दिनों तक बारिश के आसार

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. कई स्थानों पर बादलों की गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना भी है. इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने के संकेत हैं, जो मौसम को और अधिक सक्रिय बना सकती हैं.


मानसून की रफ्तार पकड़ने की उम्मीद

दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे राज्य में अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है. विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मौसम की अनुकूल परिस्थितियों के चलते मानसून का दायरा और बढ़ सकता है. इससे किसानों और आम लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

तापमान ने बढ़ाई चिंता

बारिश की संभावनाओं के बावजूद कई जिलों में तापमान अभी भी ऊंचे स्तर पर बना हुआ है. प्रदेश में सबसे ज्याद अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. दिन के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है. ऐसे में लोगों को गर्मी और बारिश दोनों परिस्थितियों के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है.