लव, लाइक और मर्डर! इंस्टाग्राम की दोस्ती ने उजाड़ा परिवार, अवैध संबंध के चलते पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट

मुजफ्फरपुर में इंस्टाग्राम से शुरू हुआ अवैध प्रेम संबंध खौफनाक हत्या की घटना में बदल गया. फोटो पोस्ट पर विवाद के बाद पत्नी ने पति को बाहर बुलवाकर उसकी गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया.

social media
Kuldeep Sharma

मुजफ्फरपुर: सोशल मीडिया अब सिर्फ चैट करने भर का प्लेटफोर्म नहीं रह गया है, बल्कि कई बार अपराध की जड़ भी बनता जा रहा है. बिहार के मुजफ्फरपुर से एक ऐसा ही मामला सामने आया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्रेम संबंध एक परिवार के लिए तबाही बन गया. मामूली फोटो पोस्ट को लेकर शुरू हुआ पति-पत्नी का विवाद इतना बढ़ गया कि बात साजिश और निर्मम हत्या तक पहुंच गई. इस घटना ने इलाके को दहशत में डाला दिया है. साथ ही रिश्तों और भरोसे पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ था रिश्ता

पुलिस जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक मनोज कुमार की पत्नी निशु कुमारी का पड़ोस में रहने वाले युवक मिंटू कुमार से इंस्टाग्राम पर कॉन्टैक्ट हुआ था. धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए. यह रिश्ता लंबे समय से चल रहा था, जिसकी भनक मनोज को लग चुकी थी, लेकिन हालिया फोटो पोस्ट ने विवाद को खुलकर सामने ला दिया.

फोटो पोस्ट बना झगड़े के कारण

दरअसल घटना वाले दिन निशु ने इंस्टाग्राम पर प्रेमी के साथ एक स्टोरी पोस्ट की थी. मनोज ने इसका विरोध किया, जिस पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. झगड़े के बाद निशु घर छोड़कर चली गई. परिजनों के अनुसार, इसी दौरान हत्या की साजिश रची गई, जिसकी भनक किसी को नहीं लग सकी.

रात में बुलाया, फिर कर दी हत्या

देर रात निशु ने फोन कर मनोज को घर के बाहर बुलाया. वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने धारदार हथियार से मनोज की गला रेतकर हत्या कर दी. वारदात नगर थाना क्षेत्र के गोला रोड दुर्गा स्थान मंदिर के पास हुई है. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए और इलाके में सनसनी फैल गई.

पुलिस कार्रवाई और जांच

मृतक की मां के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए गए. पुलिस ने पत्नी निशु कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. टाउन डीएसपी सुरेश कुमार के अनुसार, प्रेमी मिंटू कुमार और मृतक के साले की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.