U-19 वर्ल्ड कप के हीरो वैभव सूर्यवशीं को CM नीतीश ने सौंपा 50 लाख का चेक, बिहार के 'लाल' ने फाइनल में जड़ा था शतक
बिहार के 14 वर्षीय क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अंडर-19 वर्ल्ड कप और IPL में उनके ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 50 लाख के चेक के साथ सम्मानित किया. वैभव ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विश्व स्तर पर बिहार और भारत का नाम रोशन किया है.
पटना: बिहार की धरती ने खेल जगत को एक ऐसा नायाब हीरा दिया है, जिसकी चमक आज पूरी दुनिया देख रही है. रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और श्रेयसी सिंह ने सूबे के उभरते सितारे, 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का औपचारिक अभिनंदन किया. मुख्यमंत्री ने वैभव को 50 लाख का चेक प्रदान करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनके उस संघर्ष और प्रदर्शन का सम्मान है, जिसने इस छोटी सी उम्र में उन्हें राष्ट्रीय पटल पर ला खड़ा किया है.
वैभव सूर्यवंशी की हालिया सफलता की कहानी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में लिखी गई. इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने विपक्षी टीम के पसीने छुड़ा दिए. उन्होंने मात्र 80 गेंदों में 175 रनों की ऐसी आतिशी पारी खेली, जिसे क्रिकेट इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज किया जाएगा. अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के जड़े, जिसकी बदौलत भारत ने अपना छठा अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब जीता. उन्हें न केवल 'प्लेयर ऑफ द मैच' बल्कि पूरे टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट) भी चुना गया.
आंकड़ों में वैभव की बादशाहत
बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने पूरे टूर्नामेंट के सात मैचों में 62.71 की औसत और 169.50 के स्ट्राइक रेट से कुल 439 रन बटोरे. इतना ही नहीं, उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 30 छक्के भी लगाए. वैभव की बल्लेबाजी का खौफ ऐसा है कि अब विपक्षी टीमें उनके खिलाफ नई गेंद, मिडिल ओवर में स्पिन और डेथ ओवरों में पेस के लिए अलग-अलग रणनीतियां बनाने को मजबूर हैं. वैभव के नाम अंडर-19 वनडे में भारत की ओर से सबसे ज्यादा 1,412 रन बनाने का भी रिकॉर्ड है.
IPL में भी रचा इतिहास
वैभव की धमक सिर्फ जूनियर क्रिकेट तक सीमित नहीं है. IPL में 14 साल 23 दिन की उम्र में डेब्यू कर वह सबसे युवा खिलाड़ी बने. उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 35 गेंदों में शतक ठोककर सबसे युवा शतकीय वीर बनने का गौरव भी हासिल किया. आगामी IPL 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने अपनी बल्लेबाजी की मुख्य रणनीति वैभव के इर्द-गिर्द बुननी शुरू कर दी है.
और पढ़ें
- अनियंत्रित होकर खंबे से टकराई बाइक, तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे 3 युवकों की दर्दनाक मौत
- बिहार में फिर लौटा 'मटुकनाथ' का दौर! 60 के प्रिंसिपल ने 28 की टीचर संग रचाई शादी; इलाके में तनाव
- शादी के जोड़े में मंडप से सीधे एग्जाम सेंटर पहुंची दुल्हन, तीन घंटे कार में दूल्हे ने किया इंतजार; देखने वाले रह गए दंग