'आप मीट-मुर्गा बनाएं, प्रियंका INDIA गठबंधन चला लेंगी ', तेज प्रताप यादव का राहुल गांधी पर तीखा हमला

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ तंज कसते हुए प्रियंका गांधी को इंडिया गठबंधन का चेहरा बनाने की सलाह दी है.

ANI
Shanu Sharma

बिहार सरकार में पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को इंडिया गठबंधन का चेहरा बनाने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस मौके पर कांग्रेस के लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी सीधा निशाना साधा. 

तेज प्रताप ने राहुल को कुर्सी का लालच बताते हुए सलाह दी कि वे अपनी पुरानी रुचि में वापस लौट जाएं. उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी से पार्टी नहीं चल सकती. तेज प्रताप ने प्रियंका गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी ही चला सकती हैं. राहुल गांधी से चलने वाला नहीं है.  

तेज प्रताप ने क्या कहा?

तेज प्रताप यादव ने कहा कि यात्रा निकालने, बुलेट पर सवार होने या एक-दूसरे पर आरोप लगाने से कोई फायदा नहीं होने वाला. आप मीट-मुर्गा बना रहे थे, वही बनाते रहें. राहुल गांधी ने कुछ दिनों पहले नीतीश कुमार पर तंज कसा था. उनके इस तंज का जवाब देते हुए तेज प्रताप ने कहा कि अब नीतीश कुमार जी के बारे में बोल रहे हैं. नीतीश जी छोड़कर गए, दूसरे आदमी आए और सीएम बन गए. ये दूसरे राज्य में हैं, इनको क्यों लालच दिख रहा है? क्या इनको बिहार की गद्दी पर बैठना है?

राहुल गांधी ने नीतीश को कॉम्प्रोमाइज्ड बताया और आरोप लगाया कि उनके पिछले कामों के कारण भाजपा उन पर पूरी तरह काबू पा चुकी है. उन्होंने नेता का नाम लिए बिना कहा कि बिहार में देखिए क्या हुआ, मुख्यमंत्री को हटा दिया गया और उनकी जगह भाजपा के नेता को बिठा दिया गया. ऐसा इसलिए क्योंकि बिहार के मुख्यमंत्री किसी दबाव में थे. उन्होंने एक शब्द भी नहीं बोला और चुपचाप राज्यसभा चले गए.

प्रियंका गांधी के नाम पर बहस तेज

राहुल ने 14 अप्रैल को नीतीश कुमार के इस्तीफे का हवाला देते हुए कहा कि बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता को भाजपा दबाव में हटा सकी. उन्होंने बिहार के उदाहरण को तमिलनाडु से जोड़ते हुए चिंता जताई कि भाजपा ऐसी राज्य सरकार चाहती है जिस पर उसका पूरा नियंत्रण हो.  तेज प्रताप यादव का बयान ऐसे समय आया है जब इंडिया गठबंधन में प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रमुख चेहरा बनाने की अटकलें तेज हैं. तेज प्रताप ने स्पष्ट रूप से प्रियंका को इंदिरा गांधी की तरह बताते हुए राहुल पर सवाल खड़े कर दिए हैं.