पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का गुस्सा फूटा, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ से दहला पटना; पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया. प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ और पत्थरबाजी हुई, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस, हवाई फायरिंग और लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया.

@suneelkumarp413 X Account
Km Jaya

पटना: पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया. प्रदर्शन के दौरान स्टेशन परिसर में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आईं, जिसके बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल को स्थिति नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी. घटना के बाद कुछ समय के लिए स्टेशन क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में छात्र रेलवे और परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर अपनी नाराजगी जता रहे थे. प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप था कि उन्हें यात्रा और अन्य सुविधाओं को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसी मुद्दे को लेकर छात्रों ने स्टेशन परिसर में विरोध शुरू किया.


कैसी थी वहां की स्थिति?

स्थिति उस समय बिगड़ गई जब भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने कथित रूप से पत्थरबाजी शुरू कर दी और स्टेशन परिसर में तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं. इसके बाद पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. अधिकारियों ने उन्हें रेलवे ट्रैक और स्टेशन क्षेत्र खाली करने के लिए कहा, लेकिन हालात सामान्य नहीं हो सके.

पटना के जिलाधिकारी ने क्या बताया?

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि रेलवे की ओर से अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई थी और दो स्पेशल ट्रेनें पहले से स्टेशन पर मौजूद थीं. उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्व भीड़ में शामिल हो गए, जिन्होंने माहौल बिगाड़ने का काम किया. इसके बाद कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए न्यूनतम बल का प्रयोग किया गया.

पटना रेंज के आईजी ने क्या बताया?

पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा के अनुसार स्टेशन पर लगभग 200 से 250 छात्र मौजूद थे और वे ट्रेन संचालन को प्रभावित कर रहे थे. पुलिस और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ लोगों द्वारा पत्थरबाजी शुरू कर दी गई. इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, चेतावनी के तौर पर हवाई फायरिंग की और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया.

पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों को स्टेशन परिसर से हटा दिया गया. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और इलाके में शांति बनी हुई है. रेलवे प्रशासन ने भी पुष्टि की है कि ट्रेन सेवाएं दोबारा सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.