नालंदा में दर्दनाक हादसा, मघड़ा शीतला मंदिर के भगदड़ में 5 से ज्यादा लोगों की मौत; कई घायल

बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा शीतला मंदिर में मेले के दौरान भगदड़ मचने से 5 से ज्यादा महिलाओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए. प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है.

@ravipandey2643 X account
Km Jaya

नालंदा: मघड़ा शीतला मंदिर में पूजा के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां अचानक भगदड़ मचने से अब तक 5 से ज्यादा महिलाओं की मौत हो गई है. यह घटना ब‍िहारशरीफ के पास स्थित मघड़ा गांव में लगे मेले के दौरान हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है.

मिली जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई. शुरुआती रिपोर्ट में 2 महिलाओं की मौत की खबर थी, लेकिन बाद में यह संख्या बढ़ गई. हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

किस क्षेत्र में हुई ये घटना?

यह घटना दीपनगर थाना क्षेत्र में हुई है. पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों ने घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.


स्थानीय लोगों ने क्या बताया?

स्थानीय लोगों के मुताबिक मेले में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं और इस बार भी भीड़ काफी ज्यादा थी. भीड़ प्रबंधन में कमी और अचानक धक्का-मुक्की की वजह से यह हादसा हुआ. हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक भगदड़ के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

क्या है इस स्थान की खासियत?

मघड़ा शीतला मंदिर की मान्यता काफी पुरानी और प्रसिद्ध है. यह स्थान सिद्धपीठ के रूप में जाना जाता है और यहां दूर-दूर से श्रद्धालु पूजा करने आते हैं. खास अवसरों और मेलों के दौरान यहां भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है.

प्रशासन ने क्या लिया एक्शन?

घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही है. फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों का इलाज और स्थिति को सामान्य करना है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की जा रही है.