अनियंत्रित होकर खंबे से टकराई बाइक, तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे 3 युवकों की दर्दनाक मौत
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक गया जिले के रिवला गांव के रहने वाले थे. वे तिलक समारोह में शामिल होने नवादा जिले के अकबरपुर जा रहे थे. रास्ते में यह हादसा हो गया.
नवादा: बिहार के नवादा जिले में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई. यह दुर्घटना मेसकौर प्रखंड के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटघरा गांव मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-82 पर मंझवे-फतेहपुर सड़क मार्ग पर हुई. हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल फैल गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे और तेज गति से जा रहे थे. कटघरा मोड़ के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया. अनियंत्रित वाहन सड़क से उतरकर लगभग 20 फीट दूर खेत में जा गिरा. आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था. दुर्घटना की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तीनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई.
तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे युवक
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक गया जिले के रिवला गांव के रहने वाले थे. वे तिलक समारोह में शामिल होने नवादा जिले के अकबरपुर जा रहे थे. रास्ते में यह हादसा हो गया. देर रात सड़क किनारे लोगों ने बाइक को खेत में गिरा देखा तो तुरंत ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी.
थाना प्रभारी ने क्या बताया?
सूचना मिलते ही सीतामढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थाना प्रभारी हरेंद्र यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान 20 वर्षीय प्रताप कुमार उर्फ विकास कुमार, 20 वर्षीय इंद्रन मांझी और 42 वर्षीय सोनू कुमार उर्फ भोला चौधरी के रूप में हुई है. तीनों गया जिले के रिवला गांव के निवासी थे.
शव परिजनों को सौंपे गए
उन्होंने बताया कि घटनास्थल की स्थिति देखकर आशंका है कि तेज रफ्तार बाइक पहले बिजली के खंभे से टकराई और फिर सड़क से नीचे जा गिरी, जिससे इतना बड़ा हादसा हुआ. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं.
गांव में पसरा मातम
तीनों युवकों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही रिवला गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि सभी एक ही गांव के थे और आपस में अच्छे दोस्त थे. एक साथ तीन जनाजे उठने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.
और पढ़ें
- बिहार में फिर लौटा 'मटुकनाथ' का दौर! 60 के प्रिंसिपल ने 28 की टीचर संग रचाई शादी; इलाके में तनाव
- शादी के जोड़े में मंडप से सीधे एग्जाम सेंटर पहुंची दुल्हन, तीन घंटे कार में दूल्हे ने किया इंतजार; देखने वाले रह गए दंग
- पति की मौत के सदमें में पत्नी ने दी जान, जंगल जाकर लगाई फांसी; पेड़ से लटकी मिली लाश