NEET पेपर लीक मामले में आरजेडी नेता गिरफ्तार, बताया जाता है तेजस्वी यादव का करीबी
इस खुलासे के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है. बीजेपी नेता अब जमकर तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी पर निशाना साध रहे हैं.
नीट पेपर लीक मामले में दिल्ली क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार किए गए चार लोगों में से एक संतोष कुमार जायसवाल को आरजेडी का नेता बताया जा रहा है. यही नहीं यह भी कहा जा रहा है कि संतोष कुमार जायसवाल तेजस्वी यादव के करीबी हैं. इस खुलासे के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है. बीजेपी नेता अब जमकर तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी पर निशाना साध रहे हैं.
अब तक चार गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में जायसवाल समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. जायसवाल के आरजेडी से जुड़े होने की बात सामने आने के बाद बीजेपी हमलावर हो गई है. बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने दावा किया कि नीट पेपर लीक मामले में तेजस्वी यादव का दुलारा ही मास्टरमाइंड निकला है. बता दें कि दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है जो मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की सीट दिलाने के नाम पर छात्रों और उनके परिजनों से लाखों रुपए ऐंठता था. पुलिस ने इस मामले के कथित सरगना, एक डॉक्टर और आरजेडी नेता समेत कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया है.
संतोष बताया जा रहा गिरोह का सरगना
पुलिस का दावा है कि संतोष ही इस पूरे नेटवर्क का सरगना था और मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन दिलाने के नाम पर छात्रों से 20-30 लाख रुपए तक की डील करता था. गिरोह नीट के अभ्यर्थियों और उनके परिवार को भरोसा दिलाता था कि सेटिंग के जरिए MBBS की सीट दिलाई जाएगी. ऐसा भरोसा दिलाकर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी.
बीजेपी के निशाने पर आए तेजस्वी
मामले के तूल पकड़ने के बाद बीजेपी ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला है. कुंतल कृष्ण ने कहा कि जिस व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है वह आरजेडी का बड़ा नेता और तेजस्वी यादव का करीबी बताया जाता है. उन्होंने कहा कि पहले पेपर लीक, अब एडमिशन घोटाला...यह पूरा नेटवर्क युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है. बीजेपी नेताओं ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण देने वालों की भूमिका सामने लाने की मांग की है.
पेपर लीक के बाद नीट की परीक्षा रद्द
पेपर लीक विवाद के बाद नीट की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है. पेपर लीक होने के बाद परीक्षा देने वाले छात्रों में भारी नाराजगी है.
आरोपों पर क्या बोली आरजेडी
वहीं इन आरोपों पर आरजेडी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. हालांकि बीजेपी इसे मुद्दा बनाकर आरजेडी पर लगातार हमलावर है.