पूसा परिसर में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन’ के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए मंत्री श्रवण कुमार
इस पुस्तक का विमोचन मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा और पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने किया. पुस्तक का प्रकाशन प्रभात प्रकाशन द्वारा किया गया है.
पटना: बिहार सरकार के ग्रामीण विकास व सूचना एवं जन-संपर्क विभाग मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम सभागार, पूसा परिसर में आयोजित केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन – नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ के लोकार्पण समारोह में भाग लिया.
इस पुस्तक का विमोचन मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा और पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने किया. पुस्तक का प्रकाशन प्रभात प्रकाशन द्वारा किया गया है. इनके अलावा कार्यक्रम में देशभर से अनेक जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, कृषि विशेषज्ञ एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी उपस्थित रहे.
'पीएम मोदी ने देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की राजनीति को नई दिशा दी'
इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान की यह पुस्तक केवल व्यक्तिगत अनुभवों का संकलन नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, कार्यशैली और जनसरोकारों को निकटता से समझने का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की राजनीति को नई दिशा दी है, जिसका प्रभाव गांवों और किसानों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है.
मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय और किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है तथा कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और नवाचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है.
युवाओं की बेहतरी के लिए प्रतिबद्ध है बिहार सरकार
उन्होंने कहा कि पूसा जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम नीति निर्माण और व्यवहारिक क्रियान्वयन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने, स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने तथा कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है. नई तकनीकों और अनुसंधान का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और राज्य सरकार इस दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.
उल्लेखनीय है कि माननीय मंत्री श्रवण कुमार अपने निर्धारित दिल्ली दौरे के क्रम में पूसा परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियों में हिस्सा लिया.