खान सर पर लगे लड़कियों के शोषण के गंभीर आरोप, निखिल कोचिंग के डायरेक्टर ने किए सनसनीखेज दावे
निखिल कोचिंग के डायरेक्टर निखिल कुमार ने फैजल खान यानी खान सर पर कई लड़कियों के शोषण, रेकी कराने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पटना पुलिस से सुरक्षा मांगी है.
खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान (खान सर) एक बार फिर बड़े विवाद में घिर गए हैं. निखिल कोचिंग के डायरेक्टर निखिल कुमार ने उन पर कई लड़कियों के साथ गलत व्यवहार और प्रताड़ना का आरोप लगाया है. निखिल के अनुसार, पीड़ित लड़कियां इंसाफ की मांग कर रही हैं और वे इस लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं.
सुरक्षा की मांग और रेकी का दावा
शनिवार को पटना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निखिल कुमार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई. उन्होंने दावा किया कि खान सर के इशारे पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और शाहगंज स्थित उनके कोचिंग संस्थान के आसपास रेकी कराई जा रही है. उन्होंने पटना SSP को आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा मांगी है.
यूपी की पीड़िता और लगातार मिल रही धमकियां
निखिल के अनुसार, यह मामला तब शुरू हुआ जब करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश की एक लड़की ने पटना के पीरबहोर थाने में खान सर के खिलाफ सुरक्षा आवेदन दिया था. लड़की ने आरोप लगाया था कि खान सर के राज जानने के कारण उसकी जान को खतरा है. निखिल ने जब उस लड़की का समर्थन किया, तो उन्हें धमकियां और रिश्वत के ऑफर मिलने लगे.
Also Read
कोचिंग की संपत्ति पर कब्जे का आरोप
निखिल कुमार ने यह भी दावा किया कि उन्होंने वर्ष 2014 में मुसल्लहपुर हाट में अपनी कोचिंग शुरू की थी, जहां फैजल खान को पढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई थी. आरोप है कि 2019 में साजिश और विश्वासघात के जरिए खान सर ने उस कोचिंग संस्थान पर कब्जा कर लिया. निखिल का कहना है कि उनके पास इसके पक्के दस्तावेज मौजूद हैं.
खान सर की टीम की ओर से सफाई
इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए खान सर की टीम ने कहा कि यह उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की सोची-समझी साजिश है. टीम का कहना है कि रौशन आनंद के साथ हुए पुराने विवाद के बाद से ही कुछ लोग खान सर की साख बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं. कोचिंग हड़पने के दावे पर उन्होंने कहा कि कई शिक्षक आते-जाते रहते हैं और यह केवल आगे बढ़ने की सामान्य प्रक्रिया है.