अक्षय तृतीया पर पटना में दिनदहाड़े 20 लाख की ज्वेलरी लूट, CCTV में कैद हुए बदमाश
पटना के रामकृष्ण नगर इलाके में अक्षय तृतीया के दिन हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलरी दुकान से करीब 20 लाख रुपये के गहने लूट लिए. पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई, पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है.
पटना: अक्षय तृतीया जैसे शुभ अवसर पर बिहार की राजधानी पटना में हुई दिनदहाड़े लूट ने लोगों को डरा दिया है. रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र की एक ज्वेलरी दुकान में पांच हथियारबंद बदमाश घुसे और कुछ ही मिनटों में लाखों के गहने लेकर फरार हो गए. दुकानदार को मारकर घायल कर दिया गया. घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान होने का दावा कर रही है. शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
दोपहर में दुकान पर धावा
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 1 बजकर 45 मिनट पर हुई. भारत गैस गोदाम गली स्थित ‘श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वैलर्स’ में पांच अपराधी दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे. सभी ने हेलमेट पहन रखा था ताकि चेहरा पहचान में न आए. दुकान के अंदर घुसते ही दो बदमाशों ने हथियार निकाल लिए, जबकि बाकी बाहर निगरानी करते रहे. उस समय दुकान में तीन ग्राहक मौजूद थे. अपराधियों ने सभी को डराकर एक तरफ खड़ा कर दिया और काउंटर से गहने समेटने लगे. पूरी घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई.
दुकानदार पर हमला, सड़क पर मचा शोर
दुकान मालिक धनंजय कुमार ने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया. उनके सिर पर पिस्टल की बट से वार किया गया, जिससे वे घायल हो गए. दर्द और घबराहट के बीच धनंजय किसी तरह दुकान से बाहर निकले और सड़क पर शोर मचाया. आवाज सुनते ही आसपास के लोग जुटने लगे, लेकिन तब तक आरोपी तेजी से बाइक पर बैठकर भाग चुके थे. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और व्यापारियों में डर फैल गया.
यहां देखें वीडियो
20 लाख के गहने, महिलाओं पर भी शक
दुकानदार के मुताबिक बदमाश लगभग 20 लाख रुपये के जेवर लेकर भागे हैं. इसमें करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग 3 किलो चांदी के सामान शामिल हैं. जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई. बताया जा रहा है कि दुकान में मौजूद कुछ महिलाओं ने भी भगदड़ का फायदा उठाकर कुछ गहने उठा लिए. बाद में उन्होंने बेहोश होने का नाटक किया. यह पूरा घटनाक्रम भी दुकान में लगे कैमरों में रिकॉर्ड हुआ है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है.
सियासत तेज, पुलिस ने दिया भरोसा
घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर सरकार को घेरते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए. वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है. सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि टीम लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने दावा किया है कि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. राजधानी में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता बढ़ा दी है.
और पढ़ें
- 'अखिलेश यादव की पत्नी और राहुल गांधी की बहन सांसद बन सकती हैं लेकिन...', सम्राट चौधरी का कांग्रेस-सपा पर तीखा हमला
- 'ट्रेनिंग पीरियड में शादी नहीं कर सकती छात्राएं', बिहार के नर्सिंग संस्थान के फरमान से मचा बवाल
- 'मेरी शादी उससे कराओ...', प्यार की जिद में भोजपुर में हाई वोल्टेज ड्रामा, टावर पर चढ़ी नाबालिक लड़की को पुलिस ने ऐसे उतारा