IMD Weather

प्रशांत किशोर ने किया बिहार की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान, तय किया टिकट बंटवारे का फॉर्मूला

चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने रविवार को ऐलान किया कि वे 2 अक्टूबर को अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान करेंगे. उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी प्रशांत किशोर की या किसी एक व्यक्ति की पार्टी नहीं होगी, इस पार्टी को बिहार की जनता मिलकर बनाएगी. किशोर ने ऐलान किया कि उनकी पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

social media
India Daily Live

Bihar News: जाने-माने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार की राजधानी पटना में रविवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वह 2 अक्टूबर को अपनी राजनीतिक पार्टी की स्थापना करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी 2025 का बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ेगी और सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. पटना में जन सुराज की राज्य स्तरीय कार्यशाला में प्रशांत किशोर ने यह ऐलान किया.

रविवार को आयोजित हुई पहली बैठक
पार्टी बनाने की प्रक्रिया के तहत जन सुराज पार्टी की पहली बैठक 28 जुलाई को पटना के बापू सभागार में आयोजित हुई, जिसमें जिला और प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया. पार्टी बनाने की प्रक्रिया में दूसरी बैठक बापू सभागार में ही 4 अगस्त को आयोजित होगी.

ये प्रशांत किशोर की नहीं जनता की पार्टी होगी

बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि पार्टी का नेता कौन होगा यह सब लोग मिलकर तय करेंगे. उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी प्रशांत किशोर, किसी जाति, किसी परिवार या किसी व्यक्ति की नहीं बल्कि बिहार के लोगों की पार्टी होगी जो इसे मिलकर बनाएंगे.

जन सुराज में लाए गए तीन प्रस्ताव
इससे पहले 10 जून को पटना में आयोजित हुए जन सुराज पार्टी के एक कार्यक्रम में तीन प्रस्ताव लाए गए थे, जिन पर पार्टी के सभी सदस्यों ने सहमति जताई थी. इसमें से एक प्रस्ताव यह भी था कि पार्टी समाज के सभी वर्गों को उनकी संख्या के आधार पर टिकट देगी.