मंडप तक पहुंचा इंस्टाग्राम का प्यार, सात फेरों से पहले सलाखों में पहुंचा दूल्हा; होश उड़ा देगी कटिहार की ये घटना

कटिहार में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी उस समय थाने तक पहुंच गई, जब युवती ने दूल्हे पर ब्लैकमेल कर शादी का दबाव बनाने का आरोप लगाया.

Pinterest (प्रतिकात्मक)
Reepu Kumari

कटिहार: कटिहार में सोशल मीडिया पर पनपी एक प्रेम कहानी ने वैलेंटाइन वीक के बीच चौंकाने वाला मोड़ ले लिया. इंस्टाग्राम पर शुरू हुई बातचीत भरोसे और नजदीकियों तक पहुंची, लेकिन शादी के मंडप में पहुंचते-पहुंचते मामला पुलिस तक जा पहुंचा. शेरवानी पहने दूल्हा बारात के साथ लड़की के दरवाजे तक पहुंच चुका था. डीजे की धुन पर जश्न की तैयारी थी. तभी पुलिस की एंट्री हुई और दूल्हे को हिरासत में ले लिया गया. सोशल मीडिया वाला यह रिश्ता थाने के गेट पर आकर खत्म हो गया.

इंस्टाग्राम से शुरू हुई पहचान

करीब एक साल पहले मनिहारी इलाके की एक युवती की पहचान इंस्टाग्राम पर निकेश कुमार झा से हुई. वह समस्तीपुर का रहने वाला बताया गया है और कटिहार में रिश्तेदारों के यहां आता-जाता था. चैटिंग धीरे-धीरे लंबी फोन कॉल्स में बदली और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं.

भरोसे से बढ़ीं निजी बातें

समय के साथ दोनों के बीच निजी तस्वीरों और वीडियो का आदान-प्रदान हुआ. युवती को अंदाजा नहीं था कि यही भरोसा आगे चलकर परेशानी बन सकता है. आरोप है कि कुछ महीनों बाद युवक ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया.

शादी से इंकार पर धमकी

युवती और उसके परिवार ने जब शादी से इंकार किया, तो युवक पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगा. इससे घबराकर युवती ने नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की.

मंडप से हुई गिरफ्तारी

शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई. दामाद को ससुराल लाने की तैयारी करने में लग गई. शादी की तैयारियों के बीच मौके पर पुलिस पहुंच गई. बिना देरी के ही शेरवानी पहने दूल्हे को हिरासत में ले लिया. पुलिस के पहुंचते ही बारात की खुशियां अचानक सन्नाटे में बदल गईं और आरोपी को थाने ले जाया गया. जहां पुलिस पूछताछ कर रही है.

 पुलिस की जांच जारी

एएसपी अभिजीत कुमार सिंह ने बताया कि युवती की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है और मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है.