जयमाल से पहले दूल्हे की अचानक बिगड़ी तबीयत, फिर हो गई मौत; शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदली
बिहार के बेतिया में जयमाल से कुछ मिनट पहले दूल्हे शक्तिनाथ शर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ गई. पेट दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
बेतिया: बिहार के बेतिया जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां जयमाल से कुछ मिनट पहले दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई. जिस मंडप में कुछ ही देर बाद सात फेरे होने थे, वहां चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया. इस घटना के बाद दोनों परिवारों की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं.
जानकारी के अनुसार मझौलिया प्रखंड के सरिसवा बाजार स्थित भरवलिया वार्ड 6 निवासी 25 वर्षीय शक्तिनाथ शर्मा की शादी पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा में तय हुई थी. गुरुवार रात राम-जानकी मंदिर में विवाह समारोह आयोजित किया गया था. बारात समय पर पहुंची, दूल्हे का स्वागत हुआ और जयमाल की तैयारियां चल रही थीं.
क्या है पूरा मामला?
दुल्हन और उसके परिवार के लोग विवाह की रस्मों का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान शक्तिनाथ शर्मा ने अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत की. शुरुआत में परिजनों को लगा कि यह सामान्य समस्या होगी और कुछ देर में ठीक हो जाएगी. लेकिन देखते ही देखते उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. स्थिति गंभीर होने पर परिवार के लोग उन्हें तुरंत इलाज के लिए रक्सौल स्थित एसआरपी अस्पताल लेकर पहुंचे.
Also Read
डॉक्टरों ने क्या बताया?
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद शक्तिनाथ शर्मा को मृत घोषित कर दिया. जैसे ही दूल्हे की मौत की खबर विवाह स्थल पर पहुंची, वहां मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए. शादी का मंडप, जहां कुछ देर पहले खुशी का माहौल था, अचानक मातम में बदल गया. बारात में शामिल सभी लोग बिना शादी के वापस लौट गए.
शुक्रवार सुबह जब शक्तिनाथ शर्मा का शव उनके पैतृक गांव भरवलिया पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. गांव में हर तरफ इस दुखद घटना की चर्चा होती रही.
घटना के बाद कुछ लोग इसे अंधविश्वास से जोड़कर अलग-अलग बातें कर रहे हैं. हालांकि अस्पताल की ओर से अभी तक मौत के सही कारणों को लेकर कोई विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. ऐसे में मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.