साली की शादी में दुबई से बिहार आए पति की हैवानियत, पत्नी को गहने पहनाए फिर हंसिए से गला रेत कर की हत्या
मुजफ्फरपुर के नवादा गांव में दुबई से लौटे एक युवक पर अपनी पत्नी रिंकू कुमारी की हंसिए से गला रेतकर हत्या करने का आरोप है. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई है. राजेपुर ओपी क्षेत्र के नवादा गांव में दुबई से लौटे एक युवक पर अपनी 26 वर्षीय पत्नी रिंकू कुमारी की हंसिए से गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार आरोपी मनोज भगत दुबई में काम करता है और अपनी साली की 26 जुलाई को होने वाली शादी में शामिल होने के लिए कुछ दिन पहले भारत लौटा था. उसकी पत्नी रिंकू अपने मायके में रह रही थी. सोमवार तड़के दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित रूप से हंसिए से पत्नी पर हमला कर दिया.
परिजनों ने क्या बताया?
परिजनों का कहना है कि वारदात से एक रात पहले दोनों ने साथ बैठकर खाना खाया था. रिंकू की बड़ी बहन ने आरोप लगाया कि मनोज ने पत्नी को गहने भी पहनाए थे. इसके बाद सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई और उसने गुस्से में आकर पत्नी की हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खिड़की तोड़कर मौके से फरार हो गया.
Also Read
घटना के बाद कमरे में खून से लथपथ रिंकू का शव बेड के नीचे पड़ा मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका के पिता राजेंद्र भगत ने दामाद मनोज भगत के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है.
अधिकारियों का क्या है कहना?
पुलिस ने आरोपी के भाई सनोज भगत से पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच के दौरान सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है.
रिंकू की बड़ी बहन ने क्या लगाया आरोप?
रिंकू की बड़ी बहन ने यह भी आरोप लगाया कि मनोज का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध था, जिसे लेकर पति पत्नी के बीच विवाद रहता था. हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है.
इसी दौरान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा मुजफ्फरपुर में आयोजित महिला आयोग, आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल हुईं. उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के दौरान कुल 147 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 115 मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया. अधिकांश शिकायतें वैवाहिक विवाद और पति की बेवफाई से जुड़ी थीं.