Video: दिनदहाड़े युवक ने लड़की को किया किडनैप, जबरन बाइक पर बिठाकर हुआ फरार; CCTV में कैद पूरी वारदात
Bihar News: बिहार के दरभंगा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मंगलवार को एक लड़की का दिनदहाड़े अपहरण हुआ. आरोपी हिजबुल रहमान उर्फ अर्जू ने लड़की को जबरन बाइक पर बैठाकर ले गया। CCTV में पूरी वारदात कैद है, लेकिन पुलिस की लापरवाही से लोगों में गुस्सा है.
Bihar Kidnapping Case: बिहार के दरभंगा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक लड़की का दिनदहाड़े सरेआम अपहरण कर लिया गया. यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की लापरवाही ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है.
यह घटना मंगलवार की है जब लड़की अपने पिता की दुकान से घर लौट रही थी. तभी एक युवक ने लड़की को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर अगवा कर लिया. युवक की पहचान हिजबुल रहमान उर्फ अर्जू के नाम से हुई है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह सबकुछ खुलेआम हुआ और वहां मौजूद लोग कुछ नहीं कर पाए.
CCTV फुटेज में दिखी पूरी वारदात
सीसीटीवी वीडियो में तीन लड़कियां साथ में चलते हुए नजर आती हैं. तभी एक महिला, जो एक छोटे बच्चे को लेकर आती है, उनसे बातचीत करती है. इतने में अर्जू नाम का युवक बाइक पर आता है और उन्हें क्रॉस कर थोड़ा आगे रुक जाता है. बच्चा लिए महिला जब उसे नजरअंदाज कर आगे बढ़ती है, तो अर्जू बाइक लेकर उसके साथ-साथ चलने लगता है. अगले फुटेज में लड़की को बच्चा लेकर भागते हुए देखा जा सकता है, लेकिन अर्जू बाइक से उसका पीछा करता है और कुछ ही देर में उसे पकड़ लेता है. वह लड़की को जबरदस्ती बाइक पर उठा लेता है और फरार हो जाता है. बच्चा पीछे छूट जाता है और उसे रोते हुए भागते देखा गया.
पीड़ित परिवार ने लगाया आरोप
लड़की के पिता राजकुमार भगत ने अलीनगर थाने में लिखित शिकायत दी है. उनका कहना है कि आरोपी अर्जू काफी समय से परिवार को परेशान कर रहा था और फिरौती वसूलने की कोशिशें भी कर चुका था. पहले भी कई बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया.
राजकुमार भगत ने कहा, 'हमारी बेटी दुकान से लौट रही थी, तभी अर्जू ने उसका पीछा किया और जबरन उठा ले गया. CCTV में सबकुछ साफ दिख रहा है, लेकिन पुलिस अब तक कुछ नहीं कर रही. अगर हमारी बेटी 24 घंटे में नहीं मिली, तो हम पूरी फैमिली खुदकुशी कर लेंगे.'
बहन का आरोप
लड़की की बहन प्रीति कुमारी ने भी मीडिया से बात करते हुए कहा कि अर्जू का उनकी बहन से कोई प्रेम संबंध नहीं था. उल्टा वह धमकी देता था, तंग करता था और पैसे की डिमांड करता था. उन्होंने शक जताया कि अपहरण से पहले जो महिला बच्चा लेकर उनकी बहन से बात कर रही थी, वह भी इस साजिश में शामिल हो सकती है.
पुलिस पर गंभीर आरोप
पीड़ित परिवार ने साफ कहा है कि उन्होंने समय रहते पुलिस को वीडियो सबूत और शिकायत दी, फिर भी कोई कदम नहीं उठाया गया. इससे इलाके में जनता का गुस्सा फूट पड़ा है. लोग पुलिस पर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगा रहे हैं, खासकर जब मामला दो समुदायों से जुड़ा हो, तो और भी सतर्कता जरूरी होती है.
जब इस मामले में दरभंगा के एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए कहा, 'हमने तुरंत संबंधित एसडीपीओ को जांच के लिए भेजा है. सभी तथ्य जांच के बाद सामने लाए जाएंगे. जांच पूरी होते ही मीडिया को भी जानकारी दी जाएगी.'