'जिस तरह मेरी बेटी गिड़गिड़ा रही थी...', सीएम सम्राट के सामने जमुई पीड़िता की मां का छलका दर्द

जमुई छात्रा कांड में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की. सीएम ने स्पीडी ट्रायल के जरिए मामले में एक महीने के भीतर दोषियों को सजा दिलाने का निर्देश दिया है.

Pinterest
Km Jaya

जमुई में छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के मामले में बिहार सरकार ने दोषियों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई का भरोसा दिया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीएम आवास पर पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया और मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल के जरिए कराने की बात कही.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुलाकात के दौरान घटना पर दुख जताते हुए परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़िता की सुरक्षा और भविष्य को लेकर गंभीर है. उन्होंने कहा कि मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल के जरिए कराई जाएगी और दोषियों को एक महीने के भीतर कानून के तहत सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी.

परिजनों ने क्या बताया?

परिजनों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने पीड़िता की पढ़ाई जारी रखने और बिना डर के आगे बढ़ने का भरोसा दिया. सीएम ने परिवार को यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी तरह की परेशानी होने पर सरकार उनकी मदद करेगी.


24 से 48 घंटे में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी

पीड़िता के परिजनों ने घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया. परिवार के अनुसार, पुलिस ने घटना के 24 से 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. इसके बाद मुख्य आरोपी नंदन यादव के साथ पुलिस मुठभेड़ हुई, जिसमें गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई है. पीड़िता की मां ने सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी बेटी की सुरक्षा और पढ़ाई को लेकर उन्हें आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के साथ जो हुआ, वह किसी और बेटी के साथ नहीं होना चाहिए.

'बेटी मेरी बेटी है, निश्चिंत रहिए'

परिजनों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने पीड़िता को अपनी बेटी की तरह बताया और परिवार से निश्चिंत रहने को कहा. इस दौरान परिवार ने आरोपियों को अदालत से कड़ी सजा दिलाने की मांग भी रखी. पीड़िता की मां ने कहा कि जिस तरह उनकी बेटी ने घटना के दौरान मदद की गुहार लगाई थी, उसी तरह आरोपियों को भी अपने किए का एहसास होना चाहिए. उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई से अपराधियों में कानून का डर पैदा होना चाहिए.

पढ़ाई और सुरक्षा को लेकर भरोसा

मुलाकात में मुख्यमंत्री ने पीड़िता को अपनी पढ़ाई जारी रखने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया. सरकार की ओर से परिवार को सुरक्षा समेत हर जरूरी सहायता का आश्वासन दिया गया है. पीड़िता के पिता ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत से सख्त सजा मिलनी चाहिए. परिवार ने घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई को लेकर संतोष व्यक्त किया. सरकार ने मामले में जल्द सुनवाई और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने की बात कही है.