बिहार चुनाव के बीच कार में तोड़फोड़, बरबिघा में जन सुराज समर्थकों और BJP कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प; देखें वीडियो
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान बरबिघा में जन सुराज समर्थकों और BJP कार्यकर्ताओं में झड़प हुई, जिसमें एक कार को नुकसान पहुंचा.
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बीच बरबिघा में जन सुराज समर्थकों और भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई. यह घटना वारिसलीगंज निर्वाचन क्षेत्र के बरबिघा इलाके में हुई, जहां एक कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. मंगलवार को राज्य की 122 सीटों पर मतदान जारी है और इसी दौरान यह झड़प सामने आई. दूसरे और अंतिम चरण के इस मतदान को लेकर प्रशासन ने पूरे राज्य में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज बिहार विधानसभा चुनाव का दूसरा और अंतिम चरण है. मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे उत्साह के साथ मतदान करें और एक नया रिकॉर्ड बनाएं. उन्होंने खासतौर पर युवाओं से कहा कि वे खुद भी वोट डालें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
देखें वीडियो
सीएम नीतीश कुमार ने क्या कहा?
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे दूसरे चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करें.
किन जिलों में हो रहा मतदान?
बिहार के जिन जिलों में इस चरण में मतदान हो रहा है, उनमें पश्चिम और पूर्व चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं. ये जिले नेपाल सीमा से सटे हैं और अधिकांश सीमांचल क्षेत्र में आते हैं. यहां मुस्लिम आबादी की संख्या अधिक होने के कारण यह इलाका सत्ता पाने के लिए सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्षी दल इंडिया ब्लॉक के लिए, मतदान का अंतिम दौर जटिल जातिगत और सामुदायिक गतिशीलता वाले विभिन्न समूहों का समर्थन बनाए रखने की एक महत्वपूर्ण परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है.
कितने मतदाता करेंगे वोट?
दूसरे चरण में 3.7 करोड़ मतदाता 1,302 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे, जिनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल के कई मंत्री भी शामिल हैं. इससे पहले 6 नवंबर को हुए पहले चरण के मतदान में बिहार ने अब तक का सबसे अधिक 65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया था. अब देखना होगा दसरे चरण में कितने प्रतिशत मतदान होता है.