जोमैटो का नया फीचर: अब 40 किलोमीटर दूर के रेस्तरां से भी मंगा सकेंगे खाना, 7 शहरों में शुरू हुई सेवा
जोमैटो ने लिमिटलेस डिलीवरी फीचर शुरू किया है. इसके जरिए सात शहरों के ग्राहक 40 किलोमीटर दूर तक के रेस्तरां से खाना ऑर्डर कर सकेंगे.
ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने ग्राहकों के लिए नई सुविधा शुरू की है. इसका नाम 'लिमिटलेस डिलीवरी' रखा गया है. इस फीचर की मदद से ग्राहक अपने शहर में 40 किलोमीटर तक दूर स्थित रेस्तरां से भी खाना मंगा सकेंगे.
इस सुविधा का मकसद ग्राहकों को ज्यादा से ज्यादा रेस्तरां के विकल्प देना है. खासकर वे लोकप्रिय रेस्तरां भी अब ग्राहकों की पहुंच में होंगे, जो उनके घर से काफी दूर स्थित हैं.
इन सात शहरों में मिलेगी सुविधा
फिलहाल जोमैटो ने यह फीचर सात शहरों में शुरू किया है. इनमें बेंगलुरु, दिल्ली-NCR, चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, पुणे और हैदराबाद शामिल हैं.
Also Read
कैसे कर सकेंगे इस्तेमाल?
इस फीचर के जरिए ग्राहक अब केवल आसपास के रेस्तरां तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि पूरे शहर में उपलब्ध विकल्पों को देख सकेंगे. इसके लिए जोमैटो ऐप के 'एक्सप्लोर मोर' सेक्शन में एक अलग लिंक दिया गया है. यहां लिमिटलेस डिलीवरी के तहत उपलब्ध रेस्तरां दिखाई देंगे. ग्राहक ऐप पर सीधे रेस्तरां का नाम खोजकर भी ऑर्डर कर सकते हैं.
स्विगी भी दे रही ऐसी सुविधा
दूसरी ओर, स्विगी ने भी अक्टूबर की शुरुआत में मल्टी-रेस्तरां ऑर्डरिंग फीचर पेश किया था. इसके तहत ग्राहक एक ही ऑर्डर में पांच अलग-अलग रेस्तरां से खाना चुन सकते हैं और एक साथ भुगतान कर सकते हैं. हालांकि, हर रेस्तरां का खाना अलग-अलग तैयार होता है और उसकी डिलीवरी भी अलग-अलग की जाती है.