IPL 2026

कितनी संपत्ती के मालिक हैं बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी? यहां पढ़ें जमीन से लेकर निवेश तक की पूरी जानकारी

बिहार की राजनीति अब बदलने जा रही है. सम्राट चौधरी को राज्य का मुखिया चुना गया है. इस बीच उनके राजनीतिक और निजी जीवन को लेकर चर्चे तेज हो गए हैं. आइए जानते हैं उनकी संपत्ति के बारे में

ANI
Shanu Sharma

बिहार की राजनीति में अब सम्राट युग शुरू हो चुका है. नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया गया. आज यानी बुधवार को सम्राट सीएम पद की शपथ लेंगे. इसी की साथ बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा. इसी बीच सम्राट चौधरी की राजनीतिक और निजी जीवन के चर्चे तेज हो गए हैं.  

सम्राट चौधरी लंबे समय से बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे हैं. वे मुजफ्फरपुर क्षेत्र से जुड़े हैं और भाजपा के मजबूत चेहरे के रूप में जाने जाते हैं. विधानसभा चुनाव में उनकी जीत और अब मुख्यमंत्री पद तक पहुंचना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हालांकि इस दौरान उन्होंने अपने लिए क्या अर्जे हैं, इसके बारे में जानते हैं. 

सम्राट चौधरी के पास कुल कितनी संपत्ति?

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान सम्राट चौधरी ने चुनाव आयोग को जो हलफनामा दिया था, उसके मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 11 करोड़ रुपये से अधिक की है. यह आंकड़ा उन्होंने व्यक्तिगत, पत्नी और बच्चों की संपत्तियों को मिलाकर बताया है. सम्राट चौधरी की आय स्रोत मुख्य रूप से वेतन, कृषि और अन्य निवेश हैं. सम्राट चौधरी के पास कुल 1,35,000 रुपये नकद है, जबकि उनकी पत्नी के पास 35,000 रुपये नकद हैं. परिवार के बैंक खातों में कुल 27 लाख रुपये जमा हैं.

उन्होंने बॉन्ड, डिबेंचर्स और विभिन्न कंपनियों के शेयरों में 31 लाख रुपये से अधिक का निवेश किया है. पीपीएफ खाते में 10 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं. बेटी के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना में 18 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा की गई है. इसके अलावा एलआईसी, एसबीआई और एचडीएफसी लाइफ की बीमा पॉलिसियों की कुल वैल्यू 55 लाख रुपये से अधिक है. उनके पास एक बोलेरो नियो कार है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है.

मुख्यमंत्री की सबसे बड़ी अचल संपत्ति

सोने-चांदी के रूप में भी अच्छी संपत्ति है. सम्राट चौधरी के पास 200 ग्राम सोना है. उनकी पत्नी के पास भी 200 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी है. सम्राट चौधरी की सबसे बड़ी अचल संपत्ति के रूप में उनके और पत्नी के पास 3 करोड़ 86 लाख रुपये से अधिक की कृषि भूमि है. गैर-कृषि योग्य भूमि की कीमत 4 करोड़ 91 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है. साथ ही 58 लाख रुपये से अधिक की कीमत वाली कमर्शियल बिल्डिंग भी उनके पास है. कुल मिलाकर अचल संपत्ति ही उनकी कुल संपत्ति का बड़ा हिस्सा बनाती है.