बिहार में गंगा नदी में बड़ा हादसा! नाव पलटने से 14 लोगों की मौत की खबर, मृतकों के परिवारों को मिलेंगे 4 लाख रुपये
बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी में नाव पलट गई, जिससे कई लोगों की जान चली गई. इनमें महिलाओं और बच्चों के भी शामिल होने की आशंका जताई गई है.
वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी में नाव पलट गई, जिससे कई लोगों की जान चली गई. इनमें महिलाओं और बच्चों के भी शामिल होने की आशंका जताई गई है. खबरों के अनुसार, कुछ बच्चे एक भोज में शामिल होकर नाव से वापस लौट रहे थे, तभी नाव नदी में पलट गई. खबर मिलते ही प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया. राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.
बता दें कि यह दुर्घटना बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में रामपुर श्यामचंद गांव के पास गंगा नदी में हुई. खबरों के अनुसार, नाव पर सवार कुछ बच्चे एक भोज में शामिल होने गए थे. और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया. इसी दौरान नाव पलट गई और उसमें सवार लोग नदी में डूबने लगे. इससे अफरा-तफरी मच गई. हादसे के वास्तविक कारणों और नाव में सवार लोगों की कुल संख्या के बारे में जानकारी जांच के बाद साफ हो पाएगी.
Also Read
उपराष्ट्रपति और तेजस्वी यादव ने जताया दुख:
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी इस दर्दनाक घटना पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और लापता लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की. वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा कि राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की दुखद खबर मिली है. उन्होंने वैशाली की जिलाधिकारी से बात कर राहत, बचाव और चिकित्सा सुविधाओं में तेजी लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही.