IPL 2026 US Israel Iran War Weather IMD

बिहार में 17 हजार पदों पर होगी SAP जवानों की भर्ती, इतनी मिलेगी सैलरी

अभी तक SAP में सिर्फ 1717 जवान हैं, लेकिन सरकार ने इसे दस गुना से ज्यादा बढ़ाने का ऐलान किया है. राज्य कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.

AI IMAGE
Sagar Bhardwaj

बिहार में पुलिस की ताकत बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है. स्पेशल ऑक्जिलरी पुलिस (SAP) में अब कुल 17 हजार पदों पर जवानों की बहाली होगी. अभी तक SAP में सिर्फ 1717 जवान हैं, लेकिन सरकार ने इसे दस गुना से ज्यादा बढ़ाने का ऐलान किया है. राज्य कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.

इसमें 150 जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) 16,300 सैप जवान और 550 रसोइया शामिल होंगे. ये सभी अनुबंध पर रखे जाएंगे. वित्तीय साल 2026-27 में ये बहाली पूरी होगी. अभी नए सिपाहियों का प्रशिक्षण चल रहा है, इसलिए असली ताकत कम लग रही है. इसी कमी को पूरा करने के लिए SAP की संख्या बढ़ाई जा रही है.

एक अच्छी बात यह है कि अब सिर्फ भारतीय सेना के रिटायर्ड जवान ही नहीं, बल्कि केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (जैसे CRPF, BSF आदि) के रिटायर्ड जवान भी SAP में शामिल हो सकेंगे. पहले सिर्फ सेना के पूर्व सैनिकों को ही मौका मिलता था.

सैलरी में भी की गई बढ़ोतरी

अब जेसीओ को 35 हजार रुपये, सैप जवानों को 30 हजार रुपये और रसोइयों को 25 हजार रुपये महीना मिलेगा. यह मानदेय वृद्धि दर के हिसाब से दिया जाएगा.सरकार का कहना है कि इससे राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी. साथ ही रिटायर्ड जवानों को भी अच्छी नौकरी और सम्मानजनक कमाई का मौका मिलेगा. ये जवान पुलिस की मदद में लगेंगे और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाएंगे. कई जगहों पर यह भर्ती चर्चा में है. बता दें कि बिहार में इस साल कुल 1.50 लाख से ज्यादा नौकरियां देने का लक्ष्य है, जिसमें यह भर्ती भी शामिल है.