लालू यादव के परिवार को लेकर बड़ा अपडेट, जेड श्रेणी की सुरक्षा फिर से बहाल; गृह मंत्रालय के पत्र का इंतजार
बिहार सरकार ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को जेड श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला किया है. हालांकि गृह मंत्रालय का आधिकारिक पत्र अभी जारी नहीं हुआ है.
पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. राज्य सरकार ने दोनों नेताओं को जेड श्रेणी की सुरक्षा देने का निर्णय लिया है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना और गृह मंत्रालय का पत्र जारी नहीं हुआ था. सुरक्षा बहाली की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब दोनों नेताओं की सुरक्षा और सरकारी आवास को लेकर पिछले कुछ समय से राजनीतिक बहस जारी है.
जानकारी के अनुसार जेड श्रेणी की सुरक्षा के तहत दोनों नेताओं के लिए 22 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे. इस सुरक्षा व्यवस्था में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के प्रशिक्षित कर्मी भी शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा वीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत एक एस्कॉर्ट वाहन भी उपलब्ध कराया जाता है, जो काफिले के आगे या पीछे चलता है. सुरक्षा कर्मियों की तैनाती अलग अलग शिफ्ट में चौबीसों घंटे की जाती है.
राष्ट्रीय जनता दल ने क्या लगाया था आरोप?
इससे पहले 4 जून को लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा हटाकर पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में मिलने वाली एसएसजी सुरक्षा प्रदान की गई थी. उस समय दोनों नेताओं ने सुरक्षा व्यवस्था स्वीकार नहीं की थी. इस फैसले को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने राज्य सरकार पर राजनीतिक दुर्भावना का आरोप लगाया था, जबकि भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड ने कहा था कि सुरक्षा एजेंसियों की समीक्षा के आधार पर यह निर्णय लिया गया था.
Also Read
- किराए का पति और बच्चा बनाकर चल रहा था खेल, बिहार में शराब तस्करी का अनोखा तरीका देखकर पुलिस भी रह गई हैरान
- बिहार के शिक्षकों का इंतजार खत्म, अगले हफ्ते से शुरू होंगे तबादले के आवेदन; जानें कितने दिनों में होगा ट्रांसफर
- आज खत्म हो रही राबड़ी देवी के सरकारी बंगले की समय सीमा, नए ठिकाने को लेकर बढ़ी चर्चा
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विवाद के दौरान लालू प्रसाद यादव बिना सुरक्षा के घर से बाहर भी दिखाई दिए थे. इस पर राजनीतिक बयानबाजी भी हुई थी. अब जेड श्रेणी की सुरक्षा बहाल होने की खबर के बीच लालू परिवार का कहना है कि उन्हें इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है और उन्हें इसकी जानकारी केवल मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से मिली है.
कब खाली हुआ आवास?
इधर लंबे समय से चल रहे आवास विवाद के बाद शुक्रवार को राबड़ी देवी ने पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास खाली कर दिया. भवन निर्माण विभाग को बंगले की चाबी सौंपने के बाद वह लालू प्रसाद यादव के साथ कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में रहने चली गई हैं. नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्हें 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है लेकिन परिवार वहां अभी तक नहीं गया है.