Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 IPL 2026

आसमान में भी सुनाई देगी चुनावी गूंज, बिहार में रैलियों के लिए 21 हेलीकॉप्टर बुक, एक दिन का खर्च जानकर उड़ जाएंगे आपके होश

बिहार चुनाव में इस बार 21 हेलीकॉप्टरों की बुकिंग की गई है. एनडीए 15 और महागठबंधन 6 हेलीकॉप्टरों का उपयोग करेगा. किराया सिंगल इंजन के लिए 1.25 से 1.5 लाख रुपये प्रति घंटा और डबल इंजन के लिए 2.5 से 3 लाख रुपये तक है. पिछले चुनाव की तुलना में इस बार संख्या अधिक है और नेताओं के रुतबे के साथ प्रचार का असर भी बढ़ेगा.

Social Media
Km Jaya

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इस बार आसमान में भी गहमागहमी तेज होगी. राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार के लिए 21 हेलीकॉप्टरों की बुकिंग की है. इनमें सबसे ज्यादा हिस्सा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का है, जबकि महागठबंधन ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है. कोरोना काल के दौरान 2020 के चुनाव में हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल सीमित हो गया था, लेकिन इस बार चुनावी रण में नेताजी की रफ्तार और रुतबा दोनों बढ़ाने के लिए इनकी संख्या बढ़ा दी गई है.

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एनडीए 15 हेलीकॉप्टरों का उपयोग करेगा, जिनमें से 12 भाजपा, 2 जदयू और 1 लोजपा (रामविलास) की ओर से होंगे. दूसरी ओर, महागठबंधन में राजद और कांग्रेस ने 2-2 हेलीकॉप्टर बुक किए हैं. वीआईपी और पप्पू यादव भी एक-एक हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कर रहे हैं. वामपंथी दल ज्यादातर सड़क मार्ग से ही चुनाव प्रचार करेंगे और संयुक्त जनसभाओं के लिए राजद और कांग्रेस के हेलीकॉप्टरों पर निर्भर रहेंगे.

हेलीकॉप्टरों के जरिए चुनाव प्रचार 

पिछले चुनावों से तुलना की जाए तो यह संख्या काफी बढ़ी है. वर्ष 2015 में कुल 26 हेलीकॉप्टर इस्तेमाल किए गए थे. वर्ष 2020 में कोरोना की वजह से यह घटकर 13 रह गया था. अब 2025 में एक बार फिर 21 हेलीकॉप्टरों के जरिए चुनाव प्रचार की उड़ान भरी जाएगी. हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल केवल समय बचाने का साधन नहीं, बल्कि नेताजी की लोकप्रियता और रुतबे का प्रतीक भी माना जाता है. जब नेता हेलीकॉप्टर से सभा स्थल पर पहुंचते हैं तो आसपास के लोग बड़ी संख्या में केवल उन्हें देखने ही जुट जाते हैं. यही वजह है कि राजनीतिक दलों के लिए यह प्रचार का अहम साधन बन गया है.

किराया और शर्तें

किराये और शर्तों की बात करें तो सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर का किराया लगभग 1.25 से 1.5 लाख रुपये प्रति घंटा है. वहीं, डबल इंजन हेलीकॉप्टर की दर 2.5 से 3 लाख रुपये प्रति घंटा है. इस पर 18 प्रतिशत जीएसटी भी अतिरिक्त देना पड़ता है. कंपनियों की शर्त है कि बुकिंग के लिए न्यूनतम तीन घंटे का फ्लाइंग चार्ज देना होगा, चाहे हेलीकॉप्टर उड़ान भरे या खड़ा रहे. महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव इस बार भी धुआंधार रैलियां करने की तैयारी में हैं. 2020 में उन्होंने एक दिन में 19 जनसभाएं करके रिकॉर्ड बनाया था. इस बार भी वे पूरे 243 सीटों पर अपनी मौजूदगी दिखाने का दावा कर रहे हैं. भाजपा की ओर से भी स्टार प्रचारकों के कई दौर की योजना बनाई गई है.