menu-icon
India Daily

बिहार में 20 रुपये में बेचता था अश्लील वीडियो, टेलीग्राम से चला रहा था पूरा धंधा; ऐसे हुआ खुलासा

पटना साइबर थाना पुलिस ने पालीगंज के धरहरा निवासी कपड़ा दुकानदार अशोक कुमार को आपत्तिजनक वीडियो की खरीद-बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
बिहार में 20 रुपये में बेचता था अश्लील वीडियो, टेलीग्राम से चला रहा था पूरा धंधा; ऐसे हुआ खुलासा
Courtesy: Pinterest

पटना: बिहार में सोशल मीडिया और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए अश्लील वीडियो की खरीद-बिक्री करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पटना साइबर थाना पुलिस ने पालीगंज थाना क्षेत्र के धरहरा निवासी कपड़ा दुकानदार अशोक कुमार को पकड़ा है. आरोप है कि वह 20 रुपये में आपत्तिजनक वीडियो बेचता था और सोशल मीडिया के जरिए नए ग्राहकों की तलाश करता था.

पुलिस ने आरोपी के पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल वीडियो डाउनलोड करने, अपलोड करने और दूसरे लोगों के साथ शेयर करने के लिए किया जाता था. पूछताछ के दौरान आरोपी ने 1200 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है.

कब हुई कार्रवाई?

साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष संगीता कुमारी के अनुसार, दिल्ली स्थित सीसीयूएस से पटना सीसीयूएस को एक युवक द्वारा आपत्तिजनक वीडियो डाउनलोड किए जाने की सूचना मिली थी.

इसके साथ संबंधित लिंक भी पुलिस को भेजा गया था. सूचना मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की. जांच के आधार पर पुलिस टीम ने पालीगंज के धरहरा इलाके में छापेमारी की और अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया.

कहां से हुई इसकी शुरूआत?

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले पैसे देकर एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ा था. इसके बाद उसे दूसरे ग्रुप में शामिल किया गया. इसी नेटवर्क के जरिए वह आपत्तिजनक वीडियो खरीदने और बेचने लगा.

आरोप है कि वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड या शेयर करने के बदले भी उसे पैसे मिलते थे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं.

कितने वीडियो की हुई खरीद-बिक्री?

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अब तक 1200 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो की खरीद-बिक्री की बात स्वीकार की है. एक वीडियो अपलोड या शेयर करने पर उसे कथित तौर पर 20 से 30 रुपये मिलते थे. वीडियो की बिक्री से भी वह कमाई करता था.

पुलिस उसके बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच कर रही है. इसका उद्देश्य इस गतिविधि से हुई कुल कमाई और लेनदेन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाना है.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी कब से इस गतिविधि में शामिल था और पटना के अलावा बिहार के दूसरे जिलों में इसका नेटवर्क कितना फैला हुआ है. जांच एजेंसियां इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही हैं.

पुलिस के अनुसार जांच में यह भी सामने आया है कि कथित नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए अलग-अलग उम्र के लोगों को निशाना बनाने की कोशिश करता था. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और डिजिटल सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.