'बांकीपुर के लोग सबसे शिक्षित और धनी, उनके पास सबसे बेहतर चुनने का विकल्प ', चुनावी मैदान में उतरते ही प्रशांत किशोर की अपील

जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए मतदाताओं से समर्थन मांगा. उन्होंने इसे सरकार की कार्यशैली पर जनमत संग्रह बताया और खुद को सबसे बेहतर विकल्प बताया.

@jansuraajonline
Sagar Bhardwaj

चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का औपचारिक ऐलान कर दिया है. जन सुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे किशोर ने इस मुकाबले को बिहार की मौजूदा सरकार की कार्यशैली पर जनमत संग्रह बताया. उन्होंने कहा कि यदि बीजेपी चुनाव जीतती है तो वह मानेंगे कि जनता का समर्थन अभी भी उसके साथ है, लेकिन अगर जन सुराज जीतती है तो इसे सरकार के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जाएगा.

 'बांकीपुर सबसे शिक्षित और संपन्न'

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के मतदाताओं को बिहार का सबसे शिक्षित और संपन्न वर्ग बताते हुए उनसे समर्थन की अपील की. उन्होंने कहा कि अगर लोगों को उन पर भरोसा है तो उन्हें वोट दें. किशोर ने दावा किया कि यदि वह अपनी पार्टी के अकेले विधायक भी बने, तब भी विधानसभा में 242 अन्य विधायकों पर अपनी आवाज और मुद्दों के दम पर भारी पड़ेंगे.


 30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को नतीजे

बांकीपुर सीट बीजेपी के नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई है. इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी. नामांकन प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक चलेगी. बीजेपी ने अभी अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है, जबकि जनता जनशक्ति दल ने वीणा मानवी को मैदान में उतारा है. कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल ने भी अभी अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है.