बिहार में फिर लौटा 'मटुकनाथ' का दौर! 60 के प्रिंसिपल ने 28 की टीचर संग रचाई शादी; इलाके में तनाव
मुजफ्फरपुर के औराई में 60 वर्षीय प्रिंसिपल द्वारा अपनी 28 वर्षीय शिक्षिका से नेपाल में विवाह करने के बाद क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव व्याप्त है. अपहरण के आरोपों और युवती के स्वैच्छिक विवाह के दावों के बीच पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में एक प्रेम विवाह ने उस समय बड़ा विवाद खड़ा कर दिया जब एक निजी स्कूल के 60 वर्षीय संचालक सह प्रिंसिपल ने अपने ही स्कूल की 28 वर्षीय शिक्षिका से शादी रचा ली. यह घटना न केवल पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, बल्कि इसके कारण दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति भी पैदा हो गई है. लोगों के लिए यह मामला पटना विश्वविद्यालय के चर्चित प्रोफेसर मटुकनाथ और उनकी शिष्या जूली की यादें ताजा करने वाला साबित हो रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल संचालक राकेश साह, जो चार बच्चों के पिता हैं, ने अपने स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका शाइस्ता परवीन के साथ 18 फरवरी को नेपाल के जनकपुर में जाकर विवाह कर लिया. जैसे ही इस विवाह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, क्षेत्र में खबर आग की तरह फैल गई. सूत्रों के अनुसार, शाइस्ता ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि वह पूरी तरह सुरक्षित है और उसने अपनी मर्जी से यह कदम उठाया है. उसका यह भी दावा है कि साल 2025 में ही दोनों के बीच आपसी सहमति बन गई थी.
भाई ने लगाया अपहरण का आरोप
शादी की सूचना मिलते ही युवती के भाई ने औराई थाने में गुहार लगाई है. उसने आरोप लगाया है कि उसकी बहन का अपहरण कर उसे जबरन शादी के लिए मजबूर किया गया है. पुलिस ने भाई की शिकायत पर राकेश साह, उनकी पत्नी और बेटी सहित कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. भाई ने शाइस्ता की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आशंकाएं जताई हैं, जिसे देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है.
पुलिस की कार्रवाई
औराई थाना प्रभारी रानोवर परवीन ने बताया कि एहतियात के तौर पर जांच तेज कर दी गई है और तीन नामजद आरोपियों के मोबाइल जब्त कर उनके कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाले जा रहे हैं. पुलिस न केवल आपराधिक पहलुओं की जांच कर रही है, बल्कि मामले के सामाजिक और सांप्रदायिक संदर्भों को भी संवेदनशील तरीके से देख रही है. फिलहाल यह स्पष्ट होना बाकी है कि यह मामला पूर्णतः प्रेम विवाह का है या इसके पीछे कोई दबाव है.