Budget 2026

36 पॉन्ड का केक, शॉल और गुलदस्ता, चुनाव के बीच तेजस्वी यादव का 36वां जन्मदिन, समर्थकों में उत्साह

समर्थक दूर-दूर से गाजे-बाजे लेकर पटना पहुंचे. चुनावी रैलियों की तैयारियों के बीच उन्होंने अपने नेता को जन्मदिन की बधाई दी.

Photo-X
Gyanendra Sharma

पटना: बिहार की राजनीति में इन दिनों चुनावी सरगर्मी चरम पर है.  इसी बीच राज्य के नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी प्रसाद यादव अपना 36वां जन्मदिन मना रहे हैं.  रविवार को उनके जन्मदिन पर पटना में समर्थकों का जोश देखते ही बनता था. सुबह से ही उनके आवास के बाहर भीड़ जमा हो गई थी, जहां बैंड-बाजा की धुनें गूंज रही थीं और मिठाइयों की खुशबू चारों तरफ फैली हुई थी. 

समर्थक दूर-दूर से गाजे-बाजे लेकर पटना पहुंचे. चुनावी रैलियों की तैयारियों के बीच उन्होंने अपने नेता को जन्मदिन की बधाई दी.  आवास के बाहर खड़े सपोर्ट्स ने शॉल ओढ़ाकर, गुलदस्ते भेंट करके और मिठाई खिलाकर अपना प्यार जताया.  कुछ उत्साही समर्थकों ने तो सड़क पर नाच-गाना शुरू कर दिया और नोटों की बारिश भी की.  हाथों में मिठाई की टोकरियां लिए लोग जश्न मना रहे थे, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया.  

परिवार के साथ मनाया जन्मदिन

तेजस्वी ने परिवार के साथ भी यह खास दिन मनाया. उनकी बड़ी बहन मीसा भारती ने सोशल मीडिया पर कुछ भावुक तस्वीरें साझा कीं.  इन फोटोज में परिवार के सदस्य केक काटते और एक-दूसरे को बधाई देते नजर आ रहे हैं.  मीसा ने कैप्शन में लिखा, "भाई को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं. हमेशा स्वस्थ और खुश रहो.  तुम्हारी मेहनत और ईमानदारी तुम्हें नई सफलताओं तक ले जाए.  भगवान तुम्हें सपने पूरे करने की ताकत दे. "

36 पाउंड का केक

राजद ने भी जन्मदिन को भव्य बनाने की पूरी योजना बनाई है.  पार्टी मुख्यालय में 36 पाउंड का विशाल केक काटा जाएगा, जो तेजस्वी की उम्र का प्रतीक होगा.  साथ ही गरीब बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल भी वितरित की जाएगी.  वहीं पार्टी नेताओं की ओर से कार्यालय के बाहर एक पोस्टर भी लगाया गया है जिसमें तेजस्वी को बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी उपहार स्वरूप भेंट किया गया है.