T20 World Cup 2026

भारत की जीत के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में आया भूचाल, युवा क्रिकेटर ने संन्यास का किया ऐलान

सियालकोट में जन्मे शाहजायब भट्टी पाकिस्तान के उभरते हुए खिलाड़ियों में गिने जाते थे. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि महज 24 साल की उम्र में पाकिस्तान क्रिकेट को छोड़ना उनके लिए बेहद कठिन फैसला है.

@shahzaibcric
Anuj

नई दिल्ली: भारत के तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने के बाद जहां देशभर में जश्न का माहौल है, वहीं पड़ोसी देश पाकिस्तान में क्रिकेट को लेकर अलग तरह की चर्चा चल रही है. पाकिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटर और विशेषज्ञ यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर पाकिस्तान क्रिकेट भारत से इतना पीछे क्यों रह गया है. इस बीच पाकिस्तान के एक युवा क्रिकेटर ने पाकिस्तान क्रिकेट को छोड़ने का फैसला करके सबको चौंका दिया है.

24 वर्षीय क्रिकेटर शाहजायब भट्टी ने सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी. उन्होंने पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट ढांचे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यहां राजनीति, भ्रष्टाचार और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण कई खिलाड़ियों का करियर बर्बाद हो रहा है.

सोशल मीडिया पर किया भावुक ऐलान

सियालकोट में जन्मे शाहजायब भट्टी पाकिस्तान के उभरते हुए खिलाड़ियों में गिने जाते थे. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि महज 24 साल की उम्र में पाकिस्तान क्रिकेट को छोड़ना उनके लिए बेहद कठिन फैसला है, लेकिन हालात ने उन्हें ऐसा करने पर मजबूर कर दिया. 

'पाकिस्तान क्रिकेट को छोड़ रहा हूं'

“अलविदा पाकिस्तान क्रिकेट. 24 साल की उम्र में मैं पाकिस्तान क्रिकेट को छोड़ रहा हूं. पिछले साल मैंने कायदे आजम ट्रॉफी का फाइनल जीता था, जिसे पूरे देश ने टीवी पर देखा. लेकिन इसके बाद से करीब 40 मैचों में मुझे बेंच पर बैठाया गया. मेरा सपना पाकिस्तान के लिए खेलना था, लेकिन सिस्टम की राजनीति और भ्रष्टाचार ने मेरे और कई अन्य खिलाड़ियों के करियर को खत्म कर दिया.”

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन

शाहजायब भट्टी ने पिछले साल कायदे आजम ट्रॉफी 2024-25 के फाइनल में सियालकोट रिजन की ओर से खेलते हुए अहम भूमिका निभाई थी. उस मुकाबले में सियालकोट रिजन ने पेशावर रिजन को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था. फाइनल मैच में भट्टी ने नाबाद 32 रन बनाकर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई थी. उनकी इस पारी को मैच का टर्निंग पॉइंट माना गया था. इसके बावजूद उन्हें आगे के मुकाबलों में लगातार नजरअंदाज किया गया.

युवा खिलाड़ी का कहना है कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें लगातार टीम से बाहर रखा गया. इससे उनका मनोबल टूटता चला गया. सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि शाहजायब भट्टी ने गेंदबाजी में भी अपनी क्षमता दिखाई थी. दिसंबर 2024 में खेले गए एक रेड बॉल मैच में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 236 रन देकर 5 विकेट लिए थे.

सिस्टम की कड़ी आलोचना

उनके इस प्रदर्शन की काफी चर्चा हुई थी और कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने उन्हें भविष्य का संभावित स्टार भी बताया था. लेकिन भट्टी का आरोप है कि घरेलू क्रिकेट के सिस्टम में प्रतिभा से ज्यादा राजनीति और सिफारिश चलती है. भट्टी के इस फैसले ने पाकिस्तान क्रिकेट के घरेलू ढांचे पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे पहले भी कई खिलाड़ी और पूर्व क्रिकेटर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और उसके सिस्टम की आलोचना कर चुके हैं.

भविष्य को लेकर चिंता

कुछ पूर्व खिलाड़ियों का मानना है कि अगर पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोबारा मजबूती हासिल करनी है तो उसे अपने घरेलू क्रिकेट ढांचे को पूरी तरह सुधारना होगा. फिलहाल, शाहजायब भट्टी का पाकिस्तान क्रिकेट को अलविदा कहना इस बात का संकेत है कि वहां कई युवा खिलाड़ी सिस्टम से निराश हैं और अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं.